नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने साल 2024 के आखिर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था। इसके बाद, उन्होंने पिछले महीने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से भी संन्यास की घोषणा कर सभी को चौंका दिया। अपने रिटायरमेंट के साथ अश्विन ने यह भी साफ कर दिया कि वह अब विदेशी टी20 लीगों में खेलने के अवसर तलाशेंगे। इसी क्रम में, आईपीएल के बाद वह विश्व क्रिकेट की दूसरी सबसे प्रसिद्ध टी20 लीग, बिग बैश लीग (BBL) में खेलते हुए नजर आएंगे। अश्विन आगामी बीबीएल के सीजन में किस टीम का हिस्सा होंगे, यह भी तय हो गया है।
रविचंद्रन अश्विन बिग बैश लीग के 2025-26 सीजन में सिडनी थंडर टीम का हिस्सा होंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फॉक्स स्पोर्ट्स ने बताया कि अश्विन आगामी बीबीएल सीजन में सिडनी थंडर से जुड़ेंगे और वह इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले भारत के पहले बड़े क्रिकेटर बनेंगे। सिडनी थंडर टीम की ओर से अश्विन को स्क्वाड में शामिल करने का आधिकारिक ऐलान जल्द ही किया जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने इस महीने की शुरुआत में अश्विन से संपर्क कर बीबीएल में उनके शामिल होने की संभावना पर चर्चा की थी। हालांकि, अश्विन ने विदेशी खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था, इसलिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें सिडनी थंडर टीम में शामिल करने के लिए विशेष अनुमति देगा।
बिग बैश लीग का आगामी सीजन 14 दिसंबर से शुरू होगा और फाइनल मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा। रविचंद्रन अश्विन, जो इंटरनेशनल टी20 लीग में भी खेलते नजर आएंगे, बीबीएल के सीजन खत्म होने के बाद इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। सिडनी थंडर की स्क्वाड की बात करें तो इसमें विदेशी खिलाड़ियों में पाकिस्तानी खिलाड़ी शादाब खान भी शामिल हैं। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि अश्विन और शादाब खान एक ही टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे।
बीबीएल 2025-26 के लिए सिडनी थंडर टीम का स्क्वाड
टॉम एंड्रयूज, वेस एगर, कैमरून बैनक्रॉफ्ट, सैम बिलिंग्स (इंग्लैंड), ओली डेविस, लॉकी फर्ग्यूसन (न्यूजीलैंड), मैथ्यू गिलकेस, क्रिस ग्रीन, रयान हेडली, शादाब खान (पाकिस्तान), सैम कोन्स्टास, नाथन मैकएंड्रू, ब्लेक निकितारास, डैनियल सैम्स, तनवीर संघा, डेविड वार्नर।


