नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया ने अजेय रहते हुए सभी मुकाबले जीते और सुपर-4 चरण में भी अपने विजयी अभियान को जारी रखा है। सुपर-4 के पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अब टीम का अगला मुकाबला दुबई में बांग्लादेश के खिलाफ होना है। इस मैच में 22 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज़ तिलक वर्मा के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। वह इस मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन कर पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। अब तक एशिया कप 2025 में तिलक वर्मा ने बल्ले से निरंतर प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, जिससे उनकी भूमिका इस अहम मुकाबले में और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
टी20 इंटरनेशनल में पिछले कुछ सालों में भारतीय टीम के बल्लेबाजों का बिल्कुल ही अलग अंदाज मैदान पर देखने को मिला है, जिसमें वह पहली ही गेंद से बड़ा शॉट खेलने का प्रयास करते हैं। इसी में एक नाम तिलक वर्मा का भी शामिल है, जो अब तक टी20 इंटरनेशनल में कुल 29 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 27 पारियों में उन्होंने बल्लेबाजी करने के साथ कुल 48 छक्के लगाए हैं। तिलक वर्मा यदि बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में तीन छक्के लगाने में कामयाब होते हैं तो वह जहां टी20 इंटरनेशनल में अपने 50 छक्कों का आंकड़ा पूरा कर लेंगे साथ ही शिखर धवन को भी पीछे छोड़ देंगे। वहीं तिलक वर्मा 50 छक्के पूरे करने के साथ टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में ऐसा करने वाले सिर्फ 12वें खिलाड़ी बनेंगे।
तिलक वर्मा का एशिया कप 2025 में अब तक बल्ले से प्रदर्शन देखा जाए तो उसमें उन्होंने 4 मैचों की तीन पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 45 के औसत से 90 रन बनाए हैं। इस दौरान तिलक के बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के देखने को मिले हैं। वहीं तिलक वर्मा के अभी तक के टी20 इंटरनेशनल करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 29 मुकाबलों की 27 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए लगभग 50 के औसत से 839 रन बनाए हैं, जिसमें वह दो शतकीय और तीन अर्धशतकीय पारियां खेलने में कामयाब हुए हैं।


