श्रेयस अय्यर की सेहत पर बीसीसीआई ने तोड़ी चुप्पी

0

नई दिल्ली : भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने के दौरान बाईं पसली में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी जान को भी खतरा हो सकता था। सोमवार (27 अक्टूबर) को बीसीसीआई ने उनकी सेहत को लेकर मेडिकल अपडेट जारी किया। स्कैन रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अय्यर का प्लीहा (Spleen) फट गया है। फिलहाल भारतीय टीम के डॉक्टर सिडनी में ही उनके साथ हैं और उनकी रिकवरी की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “25 अक्टूबर 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान फील्डिंग करते समय श्रेयस अय्यर को बाईं पसली के निचले हिस्से में चोट लगी। इसके बाद उन्हें तुरंत आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां स्कैन में पता चला कि उनकी प्लीहा (Spleen) फट गई है। वर्तमान में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति मेडिकली स्थिर है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सिडनी और भारत दोनों जगह के विशेषज्ञ डॉक्टरों के संपर्क में है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। भारतीय टीम के डॉक्टर सिडनी में श्रेयस के साथ रहेंगे ताकि उनकी रिकवरी और स्वास्थ्य प्रगति की नियमित निगरानी की जा सके।”

प्लीहा क्या है और इसका क्या काम होता है?

प्लीहा (Spleen) शरीर का एक मुलायम और स्पंजी अंग होता है, जो पेट के ऊपरी बाएं हिस्से में, पसलियों के नीचे स्थित रहता है। इसका मुख्य कार्य खून को शुद्ध करना और शरीर को संक्रमण से बचाना होता है। यह पुराने या क्षतिग्रस्त लाल रक्त कोशिकाओं (Red Blood Cells) को हटाने के साथ-साथ नई रक्त कोशिकाओं और श्वेत रक्त कोशिकाओं (White Blood Cells) को संग्रहीत करता है। प्लीहा शरीर की इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाकर रोगों से लड़ने में भी अहम भूमिका निभाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here