बीसीसीआई जूनियर चयन समिति: प्रवीण कुमार समेत इन पूर्व खिलाड़ियों ने किया आवेदन

0

नई दिल्ली : भारत के पूर्व तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर चयन समिति के लिए आवेदन किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के रहने वाले 39 वर्षीय प्रवीण कुमार ने कहा कि वह क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इस खेल में अपना योगदान जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले कोचिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) में चयनकर्ता की भूमिका भी निभा चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रवीण ने कहा, “हां, मैंने जूनियर समिति के लिए आवेदन किया है। मैं रिटायर हो चुका हूं और क्रिकेट में योगदान देना चाहता था।

मैंने पहले कोचिंग की है और यूपीसीए में चयनकर्ता भी रहा हूं, इसलिए मैंने आवेदन करने का फैसला किया।” 2018 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायर होने से पहले प्रवीण कुमार ने भारत के लिए छह टेस्ट, 68 वनडे और 10 टी20 मैच खेले। 2011 के इंग्लैंड दौरे पर वे भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने 15 विकेट लिए थे। इसमें लॉर्ड्स में 106 रन देकर 5 विकेट लेना भी शामिल था। साथ ही जब भारत ने 2008 में ऑस्ट्रेलिया में सीबी सीरीज जीती थी तब उन्होंने चार मैचों में 10 विकेट लिए थे।

सुदीप त्यागी और आशीष विंस्टन जैदी ने भी किया आवेदन

प्रवीण सेंट्रल जोन से हैं जहां उन्हें कड़ी टक्कर मिल सकती है। सुदीप त्यागी ने भी अवेदन किया। वह भारत के लिए चार वनडे और एक टी20 मैच खेले हैं। पिछले सीजन में हैदराबाद के चयनकर्ता थे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के ही तेज गेंदबाज आशीष विंस्टन जैदी ने भी अप्लाई किया है। वेस्ट जोन से भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर रमेश पोवार और मुंबई के पूर्व बल्लेबाज मनोज जोगलेकर ने आवेदन किया है।

बीसीसीआई ने 5 पदों के लिए मांगे आवेदन

बीसीसीआई ने 24 अगस्त को आवेदन मंगाने शुरू किए और नया पैनल ए शरथ की अगुआई वाले पैनल की जगह लेगा। पांच पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं, जिनमें से हर एक की अलग-अलग जिम्मेदारियां होंगी। यह समिति कोचिंग कैंप और घरेलू व विदेशी टीमों के खिलाफ भारत के जूनियर मैचों के लिए अंडर-22 तक की आयु-वर्ग की टीमों का चयन करेगी। बीसीसीआई की प्रेस रिलीज के अनुसार यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के जरिए खिलाड़ियों को खोजेगी और जूनियर टीमों के लिए टैलेंट पूल और बेंच स्ट्रेंथ बनाने में मदद करेगी।

क्या होगी जूनियर चयन समिति की जिम्मेदारी?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह समिति बीसीसीआई के जूनियर टूर्नामेंट और जूनियर खिलाड़ियों के विदेशी दौरे भी आयोजित करेगा। साथ ही जूनियर प्रतियोगिताओं के संचालन और प्रशासन का काम भी संभालेगा। इसके काम का एक और हिस्सा युवा क्रिकेटरों में मजबूत नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। इसके लिए उन्हें सीनियर और पूर्व खिलाड़ियों के साथ ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच-फिक्सिंग जैसे मुद्दों पर बातचीत करने का मौका दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here