नई दिल्ली : वनडे वर्ल्ड कप 2027 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 4 साल में होने वाला क्रिकेट का यह मेगा इवेंट अगले साल अक्टूबर में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और क्रिकेट साउथ अफ्रीका 1 अक्टूबर को केपटाउन में वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल जारी कर सकते हैं। इसी दौरान टिकटों की बिक्री से जुड़ी जानकारी भी सामने आने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार माना जा रहा है कि टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027, यानी गांधी जयंती के दिन हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेले जाने वाले टूर्नामेंट का फाइनल 21 नवंबर को खेला जा सकता है। वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली 14 में से 10 टीमें क्वालिफिकेशन की आखिरी तारीख यानी 30 सितंबर तक तय हो जाएंगी। इनमें से दो टीमें मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे होंगी।
वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए क्या है क्वालिफिकेशन नियम?
बाकी आठ टीमें आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर जगह बनाएंगी। बाकी चार टीमें क्वालिफायर के जरिए आएंगी और उन्हें शेड्यूल में क्वालिफायर 1, 2, 3 और 4 के तौर पर लिस्ट किया जाएगा। नामीबिया के मेजबान होने के बाद भी क्वालिफिकेशन अभी पक्का नहीं है।
इन टीमों की जगह हुई तय
अभी के हिसाब से रैंकिंग के आधार पर भारत (नंबर 1), न्यूजीलैंड (नंबर 2), पाकिस्तान (नंबर 4), ऑस्ट्रेलिया (नंबर 5), इंग्लैंड (नंबर 6), श्रीलंका (नंबर 7), अफगानिस्तान (नंबर 8) और बांग्लादेश (नंबर 9) आठ टीमें हैं जो जगह बना सकती हैं। रैंकिंग में नौवें स्थान पर होने के बावजूद बांग्लादेश जगह बना लेगा क्योंकि तीसरे नंबर की टीम साउथ अफ्रीका मेजबान के तौर पर अपनी जगह पक्की कर चुकी है।
वेस्टइंडीज की वर्ल्ड कप एंट्री क्वालिफायर के जरिए होगी
वेस्टइंडीज को वनडे वर्ल्ड कप 2027 में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर के जरिए अपनी दावेदारी पक्की करनी होगी। क्वालिफायर मुकाबले अगले साल की शुरुआत में खेले जाने की संभावना है। वहीं, आईसीसी गुरुवार से वर्ल्ड कप टिकटों के लिए बैलेट प्रक्रिया शुरू करेगा। हालांकि, इस दौरान टिकटों की सीधे खरीदारी नहीं की जा सकेगी। फैंस 1 अक्टूबर से टिकट बैलेट के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया के तहत टिकट आवंटित किए जाएंगे।


