नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दिल्ली में खतरनाक स्तर तक बढ़ चुके वायु प्रदूषण को देखते हुए मेन्स अंडर-23 वनडे टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों को दिल्ली से मुंबई स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। बोर्ड ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से अनुरोध किया है कि वह 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक होने वाले इन मैचों की मेजबानी के लिए तैयारियां सुनिश्चित करे।
नॉकआउट मुकाबले दिल्ली से मुंबई स्थानांतरित
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बताया कि हमें बीसीसीआई से कॉल आया जिसमें बताया गया कि राजधानी में ज्यादा एयर पॉल्यूशन की वजह से उन्हें अंडर-23 वन-डे नॉकआउट मैच को आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं क्योंकि दिल्ली में ऐसे हालात में क्रिकेट नहीं खेला जा सकता। दिल्ली में एयर क्वालिटी खतरनाक लेवल पर पहुँच गई है जैसा कि साल के इस समय अक्सर होता है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद चिंताजनक
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के स्तर पर रिकॉर्ड किया गया। अनुमान यह भी है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं, और अगले छह दिनों तक हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी के बीच बनी रह सकती है। वहीं, अंडर-23 टूर्नामेंट का अंतिम लीग मैच शुक्रवार को वडोदरा में खेला जाएगा। नॉकआउट चरण में कुल 8 टीमें जगह बनाएंगी, जिनका शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा।
इससे पहले भी बीसीसीआई ने प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 14 नवंबर से शुरू होने वाला पहला टेस्ट, जिसे मूल रूप से दिल्ली में आयोजित किया जाना था, राजधानी में चरम प्रदूषण स्तर के कारण कोलकाता स्थानांतरित कर दिया गया था। राजधानी में पीक पॉल्यूशन सीजन के दौरान मैच कराने को लेकर उठ रही आलोचनाओं के बाद यह कदम उठाया गया। इसके बदले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम को 10 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच दिया गया।


