Nst news, भोपाल. Madhya Pradesh Cricket Association द्वारा आयोजित बॉयज़ अंडर-22 लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट 2025-26 में भोपाल डिवीजन ने इंदौर को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंदौर ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 223 रन बनाए, जिसमें सोहम पटवर्धन (49), आयुष वर्मा (43) और सचिन जांगिड़ (29) ने योगदान दिया। जवाब में भोपाल ने 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 227 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में विकास शर्मा ने 71 रन की अहम पारी खेली, जबकि प्रारब्ध मिश्रा (51) और प्रियांशु प्राण (49) ने भी बेहतरीन योगदान दिया। विकास शर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि इस जीत से भोपाल को 4 अंक मिले।

वहीं अंडर-18 भाऊ साहेब निंबालकर ट्रॉफी के चार दिवसीय मुकाबले में भोपाल डिवीजन ने रेस्ट ऑफ एमपी “B” के खिलाफ पहली पारी में 114 रन की बढ़त हासिल कर ली है। जबलपुर के नीमखेड़ा मैदान पर खेले जा रहे मैच में भोपाल ने पहली पारी में 270 रन बनाए, जिसके जवाब में रेस्ट ऑफ एमपी “B” 156 रन पर सिमट गई। दिव्यांश बंडोलिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। दूसरी पारी में भोपाल ने दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 48 रन बना लिए हैं। उधर, सीनियर वूमेंस जे.एस. आनंद ट्रॉफी में भोपाल डिवीजन ने चंबल को 9 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंबल 127 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसके जवाब में भोपाल ने निकिता सिंह (नाबाद 56) और सौम्या तिवारी (नाबाद 49) की 101 रन की साझेदारी की बदौलत 17.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। निकिता सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


