भोपाल क्रॉस फिट ने ओपन वर्ग का खिताब जीता

0

भोपाल। भोपाल क्रॉस फिट ने भोपाल सीनियर्स को आठ विकेट से हराते हुए 22वें आईईएस पब्लिक स्कूल इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के ओपन वर्ग का खिताब जीत लिया है। ओल्ड कैंपियन मैदान पर सोमवार को खेले गए ओपन वर्ग के इस फाइनल मुकाबले में भोपाल सीनियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 110 रन बनाए। इसमें नरेश थापा ने 32, अरबाजउद्दीन ने 22 और मनीष शुक्ला ने 15 रनों की पारी खेली। भोपाल क्रॉस फिट की ओर से सृजन खरे ने चार विकेट हासिल किए। जबकि गौरव को दो सफलताएं मिलीं । अभिषेक और आदित्य के खाते में भी एक-एक विकेट आए। जवाबी पारी में भोपाल क्रॉस फिट टीम ने 13.5 ओवर में दो विकेट खोकर 115 रन बनाते हुए ओपन वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। उनकी ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर जेपी यादव ने 40 रनों की नाबाद पारी खेली। जबकि कप्तान जी सतीश कुमार ने नाबाद 26 रन बनाए। अक्षय तिवारी ने भी 26 रन का स्कोर बनाया। भोपाल सीनियर्स की ओर से अरबाजउद्दीन और फरहान अली ने एक-एक विकेट हासिल किए। सृजन खरे को डीजिआना मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें खेल संचालक उपेंद्र जैन, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुनावत, आईईएस ग्रुप के वाइस प्रिंसिपल धीरेंद्र गुप्ता और वरिष्ठ पत्रकार मृगेंद्र सिंह ने ट्रॉफी प्रदान की।
आज फाइनल मुकाबला : दैनिक भास्कर बनाम स्वदेश : सुबह 10:00 बजे से।