भोपाल। राजधानी के विक्रम अवार्डी शटलर विवेक तत्ववादी ने रवीन्द्र श्रीवास को सीधे गेमों में 21-10, 21-9 से हराकर यहॉ खेली जा रही दूसरी मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिन्टन प्रतियोगिता के अन्तर्गत 50 वर्ष आयु समूह में राज्य विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वर्ल्ड मास्टर्स चैम्पियनशिप में कॉस्य पदक विजेता भोपाल के बसंत कुमार सोनी ने अपने साथी सुनील देसाई को हराकर 55 वर्ग समूह का खिताब अपने नाम किया। जबकि बसंत व सुनील देसाई ने भोपाल के एसके सिन्हा व केएस सिसोदिया को हराकर 55 वर्ग समूह के युगल फायनल में प्रवेश किया। स्थानीय भोजपुर क्लब के नवनिर्मित शानदार दो कोर्ट पर खेली जा रही दूसरी मप्र राज्य बैडमिन्टन प्रतियोगिता के अन्तर्गत विवेक तत्ववादी ने छतरपुर के रवीन्द्र श्रीवास के खिलाफ पहला गेम 21-10 से जीतकर अच्छी शुरूआत की। दूसरे गेम में भी विवेक के अच्छे कोर्ट कवरेज और तीखे ड्रॉप्स के सामने रवीन्द्र भरसक कोशिश के बावजूद उनका मुकाबला नहीं कर सके। विवेक ने 21-10, 21-9 से सीधे गेमों में जीत दर्ज कर खिताब अपनी झोली में डाला। विश्व मास्टर्स बैडमिन्टन चैम्पियनशिप में कॉस्य पदक जीतने वाले शीर्ष वरीयता प्राप्त राजधानी के बसंत कुमार सोनी ने 55 वर्ग समूह के एकल फायनल में अपने साथी दूसरी वरीय सुनील देसाई को 21-10, 21-8 से शिकस्त दी। जबकि बसंत कुमार सोनी व सुनील देसाई ने अच्छे तालमेल का परिचय देते हुए भोपाल के ही एसके सिन्हा व केएस सिसोदिया की जोडी को 21-7, 21-10 से हराकर युगल फायनल में प्रवेश किया।
अन्य परिणाम-
65 वर्ष समूह फायनल
बीके शिकारी विवि अशोक जायसवार (इंदौर) 21-9, 21-10
45 वर्ष महिला फायनल
पूनम तत्ववादी विवि शालिनी यादव (जबलपुर)
40 वर्ष पुरूष एकल सेमीफायनल
हिलाल जाफरी (भोपाल) विवि पवन प्रजापति (उज्जैन) 21-9, 15-21, 21-16
पंकज जैन (भोपाल) विवि नितेन्द्र सिंह ठाकुर (जबलपुर) 21-11, 21-3

