इंदौर. मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एस.एम. खान ट्रॉफी 2026 अंडर-18 बॉयज लिमिटेड ओवर इंटर डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने जबलपुर डिवीजन को 38 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला इंदौर के रमेश भाटिया क्रिकेट फाउंडेशन मैदान पर खेला गया।
टॉस जीतकर जबलपुर डिवीजन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भोपाल डिवीजन की टीम 50 ओवर में 268 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आलिफ हसन ने 48 रन, मलय श्रीवास्तव ने 47 रन और ओजस शुक्ला ने 45 रन का योगदान दिया। जबलपुर की ओर से गेंदबाजी में विनायक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि मलय ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर डिवीजन की टीम 48.2 ओवर में 230 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आदित्य गौतम ने 91 रन की शानदार पारी खेली, जबकि हर्ष मंगलानी ने 40 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भोपाल डिवीजन की ओर से गेंदबाजी में तेजस पटेल ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। नैतिक जैन और प्रतीक शुक्ला ने भी 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम योगदान दिया। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए तेजस पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


