भोपाल संभाग क्रिकेट संघ की अंडर-13 बालक वर्ग चयन प्रक्रिया 31 जनवरी और 1 फरवरी को

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ द्वारा मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ए. डब्ल्यू. कनमाड़ीकर अंडर-13 (बालक) इंटर डिविजनल मल्टी-डे क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए भोपाल डिविजन क्रिकेट टीम की चयन प्रक्रिया का आयोजन 31 जनवरी (शनिवार) एवं 1 फरवरी (रविवार) 2026 को किया जाएगा। चयन ट्रायल्स दोनों दिन सुबह 9:00 बजे से अंकुर खेल मैदान, अंकुर अकादमी में संपन्न होंगे।

संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस चयन प्रक्रिया में केवल भोपाल संभाग के वे खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे, जो वर्तमान सत्र में रजिस्टर्ड हों। ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 सितंबर 2012 से 31 अगस्त 2015 के मध्य होना अनिवार्य है। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में शामिल सभी खिलाड़ियों को अपने साथ बीडीसीए का वैध रजिस्ट्रेशन कार्ड एवं पूरी सफेद (व्हाइट किट) क्रिकेट किट लाना आवश्यक होगा। निर्धारित नियमों का पालन न करने वाले खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।

चयन ट्रायल से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या मार्गदर्शन के लिए खिलाड़ी चयन समिति के चेयरमैन श्री अविनाश पाठक एवं संयोजक श्री अभिषेक सिंह से संपर्क कर सकते हैं। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. सुशील सिंह ठाकुर ने बताया कि यह चयन प्रक्रिया उभरते हुए युवा क्रिकेटरों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिससे उन्हें अंतर-डिविजनल स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here