भोपाल डिवीजन का शानदार प्रदर्शन, U-18 में बढ़त और गर्ल्स में जबलपुर पर जीत

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल।  मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भोपाल डिवीजन का शानदार प्रदर्शन जारी है। अंडर-18 बॉयज भाऊ साहेब निम्बलकर ट्रॉफी में जहां टीम ने बढ़त हासिल कर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली है, वहीं अंडर-18 गर्ल्स मुकाबले में भोपाल ने जबलपुर को हराकर जीत दर्ज की।

U-18 बॉयज: भोपाल को पहली पारी में बढ़त

जबलपुर के नीमखेड़ा एमपीसीए मैदान पर खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले के तीसरे दिन रेस्ट ऑफ एमपी “A” टीम ने 5/187 के स्कोर से आगे खेलते हुए 99.3 ओवर में 263 रन बनाए। टीम की ओर से शालीन शिखर ने 69 रन की अहम पारी खेली।  भोपाल डिवीजन की ओर से नैतिक जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि दिव्यांश बंडोलिया ने 3 विकेट झटके। इसके आधार पर भोपाल को पहली पारी में 26 रन की बढ़त मिली।  दूसरी पारी में भोपाल ने दिन का खेल समाप्त होने तक 54.2 ओवर में 6 विकेट पर 124 रन बना लिए हैं। कनिष्क गौतम 49 रन बनाकर टीम के प्रमुख स्कोरर रहे। रेस्ट ऑफ एमपी “A” की ओर से सृजन धयात ने 3 विकेट और सुमित सिंह ने 2 विकेट लिए। अब मुकाबला चौथे और अंतिम दिन रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।

U-13 मैच ड्रॉ, भोपाल को बढ़त का फायदा

इंदौर के एमरोल्ड हाइट्स स्कूल मैदान पर खेले गए अंडर-13 ए डब्ल्यू कनमड़ीकर ट्रॉफी के मुकाबले में रीवा डिवीजन ने दूसरे दिन 3/41 से आगे खेलते हुए 109 रन बनाए। विहान (41) और काव्यांश मालवीय (29) ने उपयोगी पारियां खेलीं।  भोपाल की ओर से समर्थ पुनताम्बेकर और खुशवंत सिंह ने 3-3 विकेट लिए, जबकि शिवांशु मिश्रा को 2 विकेट मिले। पहली पारी में 41 रन की बढ़त लेने के बाद भोपाल ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 58 रन बनाए।  मैच ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी में बढ़त के आधार पर भोपाल को 3 अंक और रीवा को 1 अंक मिला। रीवा के संजोग सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

U-18 गर्ल्स: भोपाल ने जबलपुर को हराया

ग्वालियर के रूप सिंह स्टेडियम में खेले गए अंडर-18 गर्ल्स लिमिटेड ओवर मैच में जबलपुर डिवीजन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 184 रन बनाए। भूमि सिंह (50) और विदुषी गौतम (34) ने अहम योगदान दिया।  भोपाल की ओर से मनसा राठौर और सुदिति वशिष्ठ ने 2-2 विकेट लिए।  जवाब में भोपाल डिवीजन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45.5 ओवर में 4 विकेट पर 185 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से समिका कौशल ने शानदार 63 रन बनाए, जबकि सुदिति वशिष्ठ ने 28 रन का योगदान दिया।  इस जीत के साथ भोपाल को 4 अंक मिले और समिका कौशल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here