एनएसटी न्यूज, भोपाल। एमपीसीए द्वारा उज्जैन में आयोजित परमानंद भाई पटेल चार दिवसीय अंडर-22 इंटर डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने शहडोल डिवीजन के खिलाफ मजबूत स्थिति बना ली है। एमपीसीए क्रिकेट मैदान, उज्जैन में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन भोपाल डिवीजन ने 110.3 ओवर में 503 रन बनाकर अपनी पारी समाप्त की। ओजस्व यादव ने 166 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि शिवांश चतुर्वेदी ने 33 रन जोड़े। शहडोल की ओर से यश पाटीदार, प्रयाग चतुर्वेदी और सृजन ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में शहडोल डिवीजन ने दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट पर 163 रन बनाए। कार्तिक पाटीदार 83 और अविनाश बघेल 50 रन बनाकर खेल रहे हैं। भोपाल के लिए अनिमेष सिंह ने 3 विकेट लिए।
उज्जैन-रीवा मुकाबले में गेंदबाजों का दबदबा
भोपाल के फेथ मैदान पर खेले जा रहे परमानंद भाई पटेल अंडर-22 चार दिवसीय मुकाबले में रीवा डिवीजन 363 रन पर ऑल आउट हो गया। अनंत वर्मा ने 169 रन की शानदार पारी खेली। उज्जैन की ओर से दीपेंद्र ठाकुर ने 8 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। जवाब में उज्जैन डिवीजन ने दिन का खेल समाप्त होने तक 3 विकेट पर 110 रन बना लिए हैं। देवांग 61 रन बनाकर नाबाद हैं।
अंडर-15 एम.एम. जगदाले ट्रॉफी में भोपाल डिवीजन की विशाल बढ़त
एमपीसीए की अंडर-15 एम.एम. जगदाले ट्रॉफी में भोपाल डिवीजन ने जबलपुर के खिलाफ दबदबा कायम किया। नीमखेड़ा एमपीसीए मैदान पर खेले जा रहे मैच में भोपाल ने 442 रन पर पारी घोषित की। ग्रंथ प्रजापति ने नाबाद 217 रन की यादगार पारी खेली, जबकि प्रखर सिंह 153 रन बनाकर आउट हुए। जवाब में जबलपुर डिवीजन ने दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 154 रन बनाए। भोपाल की ओर से रुद्र तेनगुरिया ने 3 और देव कनौजिया ने 2 विकेट लिए।

अंडर-18 इंटर क्लब टूर्नामेंट: वीएस अकादमी ने फेथ क्लब को हराया
भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन और सेज ग्रुप द्वारा आयोजित स्वर्गीय जी.एस. पठानिया अंडर-18 टूर्नामेंट में वीएस अकादमी ने फेथ क्लब को पहली पारी की बढ़त के आधार पर पराजित किया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर फेथ क्लब ने 254 रन बनाए, जिसमें देव रघुवंशी ने 85 और रित्विक राज ने 80 रन बनाए। वीएस अकादमी की ओर से मोहम्मद आसिफ ने 4 विकेट लिए।
बीडीसीए अंडर-18: अरेरा अकादमी की आसान जीत
बीडीसीए अंडर-18 प्रतियोगिता में अरेरा क्रिकेट अकादमी ने एस क्रिकेट अकादमी को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराया। कैप क्रिकेट मैदान पर एस अकादमी की टीम 70 रन पर सिमट गई। द्रोण श्रीवास्तव ने 4 विकेट झटके।
बीडीसीए अंडर-18: प्रेसिडेंट इलेवन बनाम मयंक चतुर्वेदी अकादमी मैच
ओल्ड फ्रेंड्स मैदान पर बीडीसीए अंडर-18 दो दिवसीय मुकाबले में प्रेसिडेंट इलेवन ने 266 रन बनाए। ओजस शुक्ला ने 77 रन की पारी खेली। मयंक चतुर्वेदी अकादमी की ओर से निश्चय सिकरवार ने 4 विकेट लिए।
इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-18 फाइनल: भोपाल-सीहोर के बीच रोमांचक मुकाबला
विदिशा के कनारा मैदान पर खेले जा रहे इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-18 फाइनल में सीहोर जिला 187 रन पर ऑल आउट हो गया। नवनीत सोनी ने नाबाद 123 रन की पारी खेली। भोपाल की ओर से दिव्यांश ने 5 विकेट लिए। जवाब में भोपाल जिला ने दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 55 रन बना लिए हैं।


