भोपाल डिवीजन बना चैंपियन, तनिष्का सेन की घातक गेंदबाज़ी से इंदौर को 25 रन से हराया

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश में महिला क्रिकेट के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित सीनियर वोमेंस जे. एस. आनंद ट्रॉफी इंटर डिविजनल लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट के फाइनल में भोपाल डिवीजन ने इंदौर डिवीजन को 25 रन से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भोपाल डिवीजन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 177 रन बनाए। टीम की ओर से खुशी यादव ने नाबाद 49 रन की अहम पारी खेली, जबकि सौम्या तिवारी ने 45 और निकिता सिंह ने 26 रन का योगदान दिया। इंदौर की ओर से प्रियंका कौशल और अनादि ने 2-2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंदौर डिवीजन की टीम 48.3 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से प्रियंका कौशल ने 56 रन बनाए, जबकि आशना पाटीदार और वैष्णवी व्यास ने 24-24 रन जोड़े। भोपाल की ओर से गेंदबाजी में तनिष्का सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। निकिता सिंह ने भी 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत पर भोपाल डिवीजन क्रिकेट संघ के अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह, सचिव शांति कुमार जैन, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर धाकड़ और उपाध्यक्ष डॉ सुशील सिंह ठाकुर सहित वरिष्ठ क्रिकेटरों ने पूरी टीम, कोच और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here