भोपाल। ऐशबाग स्टेडियम में खेली जा रही भोपाल हॉकी लीग के तीसरे दिन सोमवार को पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल और साई भोपाल की टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की है। पहले मुकाबले में पश्चिम-मध्य रेलवे, भोपाल की टीम ने नगर निगम, भोपाल को 10-0 से एकतरफा पराजित कर लीग के पूरे अंक अर्जित किए। रेलवे की ओर से फैसल ने हैट्रिक समेत चार दनादन गोल किए। तबरेज शेर और मोहम्मद ताज ने एक-एक गोल किया। प्लेयर ऑफ द मैच नगर निगम के अल्तमश और सद्दाम को संयुक्त रुप से दिया गया। दिन के दूसरे मुकाबले में साई भोपाल ने महाकौशल शुगर मिल को 11-2 से एकतरफा शिकस्त दे दी। साई की ओर से मोहम्मद अनस ने तीन, मनीष, रिमांशु ने दो-दो तथा रमन, गगन, मनीष यादव, राजीव ने एक-एक गोल किया। महाकोशल शुगर मिल से जैद और यासीन ने एक-एक गोल किया। साई के मनीष को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मंगलवार को 2.30 बजे सीपीऐमजी और नगर निगम भोपाल की भिड़ंत होगी। शाम चार बजे से मध्य प्रदेश पुलिस और एलएनसीटी की टीमें दो-दो हाथ करेंगी।

