साद बग्गड़ की घातक गेंदबाजी से मप्र टीम फाइनल में

0

भोपाल। भोपाल के रहने वाले साद बग्गड़ (पांच विकेट) की घातक गेंदबाजी से जेवाय लेले अंडर-19 वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट में मप्र टीम ने छत्तीसगढ़ को 184 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका सामना मंगलवार को उप्र की टीम से होगा। वडोदरा में खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। मप्र की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 298 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें इरफान अली ने 83, रिषभ चौहान ने 65 और शिवांग कुमार ने 41 रन बनाए। छत्तीसगढ़ के परिवेश धार ने तीन, शाश्वत मिश्रा और उत्कर्ष ने दो-दो, आनंद राव ने एक विकेट लिया। जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम मप्र के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 26 ओवर में 114 रनों पर सिमट गई। इसमें आदित्य शाह ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। मप्र के लिए साद बग्गड़ ने आठ ओवर में 36 रन देकर पांच विकेट चटकाए। ओमकारनाथ सिंह ने तीन, लकी मिश्रा और रिषभ चौहान ने एक-एक सफलता अर्जित की।