निंबलकर ट्रॉफी में भोपाल डिवीजन मजबूत, U-13 में रीवा की बढ़त; गर्ल्स मुकाबले में उज्जैन 1 रन से विजयी

0

भोपाल.  Madhya Pradesh Cricket Association (MPCA) द्वारा आयोजित विभिन्न आयु वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में मुकाबले रोचक मोड़ पर पहुंच गए हैं। अंडर-18 बॉयज निंबलकर ट्रॉफी में भोपाल डिवीजन मजबूत स्थिति में है, जबकि अंडर-13 में रीवा ने बढ़त बनाई हुई है। वहीं, अंडर-18 गर्ल्स मुकाबले में उज्जैन ने रोमांचक जीत दर्ज की।

निंबलकर ट्रॉफी: भोपाल की मजबूत पकड़

जबलपुर के नीमखेड़ा एमपीसीए मैदान पर खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन भोपाल डिवीजन ने पहली पारी में 117.3 ओवर में 289 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रतीक शुक्ला ने 69 रन की अहम पारी खेली, जबकि नैतिक जैन ने 17 रन का योगदान दिया। रेस्ट ऑफ एमपी “A” की ओर से सृजन ने 3 विकेट, जबकि अनुभव ठाकुर और सुमित सिंह ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में रेस्ट ऑफ एमपी “A” ने दिन का खेल समाप्त होने तक 64 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बना लिए हैं। रूपांक अग्रवाल (63) और भव्य चोयल (55) ने टीम को संभाला, जबकि शालीन शिखर 31 रन पर नाबाद हैं। भोपाल के लिए नैतिक जैन ने 2 विकेट लिए। मैच का तीसरा दिन निर्णायक रहेगा।

कन्मड़ीकर ट्रॉफी: रीवा को बढ़त

इंदौर के एमरोल्ड हाइट्स स्कूल मैदान पर खेले जा रहे अंडर-13 मुकाबले में भोपाल डिवीजन 150 रन पर सिमट गया।भोपाल के लिए शिवांशु मिश्रा (41), खुशवंत सिंह (31) और आरव थिलर (21) ने योगदान दिया। रीवा की ओर से संजोग सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए, जबकि आरव शुक्ला ने 3 विकेट हासिल किए। दिन का खेल समाप्त होने तक रीवा डिवीजन ने 22 ओवर में 3 विकेट पर 41 रन बना लिए हैं। काव्यांश मालवीय 14 रन बनाकर खेल रहे हैं और समीर पटेल नाबाद हैं। भोपाल की ओर से तेजस, अभिषेक और समर्थ ने एक-एक विकेट लिया। अंतिम दिन मैच का फैसला होगा।

गर्ल्स मुकाबला: उज्जैन की रोमांचक जीत

ग्वालियर के आदित्य वर्ल्ड स्कूल मैदान पर खेले गए अंडर-18 गर्ल्स लिमिटेड ओवर मुकाबले में उज्जैन डिवीजन ने भोपाल को 1 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। उज्जैन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 37 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन बनाए। ईशाना स्वामी (40), अलीना खान (31) और ओजस्विनी श्रीवास्तव (26) ने अहम योगदान दिया। भोपाल की ओर से सुदिति वशिष्ठ ने 4 विकेट लिए। जवाब में भोपाल डिवीजन 37 ओवर में 3 विकेट पर 159 रन ही बना सका और जीत से एक रन दूर रह गया। हंसिका किरार (38), सुदिति वशिष्ठ (31) और प्रेरणा पॉल (27) ने संघर्ष किया। उज्जैन की ओर से मुस्कान योगी ने 2 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here