एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री Vishwas Kailash Sarang ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में एक आधुनिक खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा। बुधवार को भोपाल स्थित टी.टी. नगर स्टेडियम के मेजर ध्यानचंद हॉल में आयोजित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री सारंग ने विभागीय योजनाओं, कार्यों की प्रगति और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए अलग और प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने कहा कि मजबूत खेल अधोसंरचना ही प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने का आधार बनेगी। स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलने से खिलाड़ी आगे बढ़ सकेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
समर कैंप को मिलेगा नया स्वरूप
बैठक में समर कैंप की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री सारंग ने इसे अधिक नवाचारपूर्ण बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि इस बार अधिक से अधिक नए बच्चों को जोड़ने के साथ उनके अभिभावकों को भी खेल गतिविधियों में शामिल किया जाए। उनका मानना है कि जब परिवार भी खेलों से जुड़ेंगे, तो समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और सकारात्मक माहौल तैयार होगा।
पुराने खेल परिसरों का होगा उन्नयन
मंत्री सारंग ने पहले से बने खेल परिसरों के अपग्रेडेशन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परिसरों में युवा केंद्रित गतिविधियां भी शुरू की जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि खेल परिसरों को केवल खेल तक सीमित न रखकर उन्हें व्यक्तित्व विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
खिलाड़ी कल्याण समिति को किया जाएगा मजबूत
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से मंत्री ने ‘खिलाड़ी प्रशिक्षण कल्याण समिति’ के पुनरावलोकन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाया जाए, ताकि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और कल्याण योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव मनीष सिंह, उप सचिव अजय श्रीवास्तव, संचालक अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


