नौ विकेट से इंदौर को हराकर भोपाल मीडिया ने जीता 30वां वार्षिक मैत्री टी-20 मैच

0

टी-20 मैच में प्रभात शुक्ला,राजकुमार अग्निहोत्री, इंद्रजीत मौर्य और विवेक साध्य को विशेष पुरस्स्कार

इंदौर, nst news।भोपाल मीडिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंदौर मीडिया टीम को 30वें वार्षिक मैत्री टी-20 क्रिकेट मैच में नौ विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। यह मुकाबला यशवंत क्लब मैदान पर स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा आयोजित प्रदेश प्रकाश मैत्री मैच के अंतर्गत खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर मीडिया इलेवन की शुरुआत ठीक रही। सलामी बल्लेबाज राजकुमार अग्निहोत्री और तनिष्क शर्मा ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। अग्निहोत्री ने सर्वाधिक 25 रन बनाए, जबकि असीम जैन ने 22 रनों का योगदान दिया। पूरी टीम 12.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। भोपाल की ओर से कप्तान इंद्रजीत मौर्य ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए दो किफायती विकेट लिए। विवेक साध्य और ललित कटारिया को भी दो-दो सफलता मिली, जबकि रामकृष्ण यदुवंशी, प्रभात शुक्ला और शशि शेखर ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल टीम ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। सलामी जोड़ी अक्षत शर्मा और आनंद रजक ने पहले पांच ओवर में ही इंदौर के गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी। अक्षत शर्मा ने 41 रन बनाए, जबकि आनंद रजक ने 15 रनों का योगदान दिया। इसके बाद प्रभात शुक्ला ने मैदान पर आते ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 45 रन बनाए और टीम को आसान जीत दिला दी।

मैच से पूर्व स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला, प्रदेश प्रकाश के संपादक अनंत बिल्लोरे, उद्योगपति अमरीश पचोरिया और वरिष्ठ पत्रकार गणेश एस चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह में एमपीसीए सचिव सुधीर असनानी, पद्मश्री सुशील दोषी, जॉइंट कलेक्टर राकेश शर्मा, सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी, पूर्व कुलपति डॉ. मानसिंह परमार और वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र जैन उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि ऐसे मैत्री मुकाबले जीवन में सकारात्मकता लाते हैं और इसका प्रभाव लेखन और कार्यशैली पर भी पड़ता है।

समापन अवसर पर भोपाल टीम को विजेता और इंदौर टीम को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। मैन ऑफ द मैच प्रभात शुक्ला, बेस्ट बैट्समैन राजकुमार अग्निहोत्री, बेस्ट बॉलर इंद्रजीत मौर्य और बेस्ट फील्डर विवेक साध्य को विशेष पुरस्कार दिए गए। अंपायर आशुतोष सावनेर और नरेश दुर्गिया को भी सम्मानित किया गया। संयोजक राजू घोलप ने आयोजन की जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here