आरजीपीवी स्टेट सॉफ्टबॉल में भोपाल सातवीं बार बना चैम्पियन

0

भोपाल। जय नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में खेली जा रही आरजीपीवी राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग के फाइनल में भोपाल नोडल ने इंदौर को एकतरफा मुकाबले में 32-11 से हराकर खिताब पर लगातार 7वें वर्ष कब्जा जमाया। पांच इनिंग के मैच में भोपाल की टीम पूरे समय हावी रही। भोपाल के पिचर शांतनु पांडे के सामने इंदौर के खिलाड़ी असहाय नजर आए। भोपाल की ओर से कप्तान शिवम मेहरा, आकाश शर्मा, विकास, सचिन और मनीष ने शानदार हिट मारकर रन काउंट किए।
पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. मंजू सिंह अधिष्ठाता छात्र कल्याण आरजीपीवी ने पूजा चौकसे डायरेक्टर, एलएनसीटी वर्ल्ड स्कूल एवं बीएल राय डीन एडमिनिस्ट्रेटिव जेएनसीटी की उपस्थिति में विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल, ट्रॉफी एवं विशेष पुरस्कार प्रदान किए।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड एलएनसीटी के आशीष जाट, बेस्ट हिटर का अवार्ड एलएनसीटी के आकाश शर्मा एवं बेस्ट फील्डर का अवार्ड इंदौर के राजीव झा को दिया गया। इस अवसर पर सॉफ्टबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी ममता सिंह को सम्मानित किया गया। स्पर्धा सचिव अनुराग चौकसे ने बताया कि इससे विश्वविद्यालय टीम का चयन किया जाएगा, जो कि नांदेड़ में होने वाली ऑल इंडिया अंतर विश्वविद्यालय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में भाग लेंगी। कार्यक्रम का संचालन खेल अधिकारी पंकज जैन ने किया।