एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी भोपाल के ओल्ड कैंपियन क्रिकेट ग्राउंड पर 22 और 23 अगस्त 2026 को सांसद अलोक शर्मा ट्रॉफी के तहत दो दिवसीय अखिल भारतीय शूटिंग बॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं शूटिंग बॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी सुधीर कुमार प्रसाद ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह देश की सबसे बड़ी शूटिंग बॉल प्रतियोगिताओं में से एक होगी, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से पुरुष और महिला वर्ग की 24 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें 12 टीमें लड़कों की और 12 टीमें लड़कियों की होंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन केंद्रीय खेल मंत्री मंसुख मांडविया, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भोपाल सांसद अलोक शर्मा, प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, मंत्री कृष्णा गौर, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, पूर्व सांसद आलोक संजर, पूर्व मंत्री एवं विधायक पी.सी. शर्मा तथा मंत्री विजय शाह सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रस्तावित है।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में मुंबई से फिल्म अभिनेता अजय देवगन और टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी के शामिल होने की भी संभावना है। इसके अलावा मुंबई का एक प्रमुख डांस ग्रुप प्रस्तुति देगा। महाराष्ट्र और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के कई सांसद एवं मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख रुपये, उपविजेता को 75 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। चौथे स्थान के लिए 25 हजार रुपये, पांचवें के लिए 15 हजार रुपये, छठे के लिए 10 हजार रुपये तथा सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार राशि पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए समान रहेगी। सांसद आलोक शर्मा द्वारा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न भी प्रदान किए जाएंगे। सुधीर कुमार प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता दिन और रात दोनों समय आयोजित होगी। रात्रिकालीन मुकाबलों के लिए अत्याधुनिक फ्लडलाइट की व्यवस्था की जा रही है। देशभर से आने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की जाएगी। साथ ही खिलाड़ियों को आने-जाने का रेल किराया भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।


