NST NEWS, भोपाल। टीटी नगर स्टेडियम शनिवार रात रोशनी और ऊर्जा से जगमगा उठा, जब रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी (आरएनटीयू) द्वारा “वेलोसिटी नाइट रन 2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में फिटनेस, खेल भावना और युवा जोश का अनूठा संगम देखने को मिला। पहली बार आयोजित इस नाइट रन में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और स्वास्थ्य व सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक बी.एस. यादव भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस आयोजन में 700 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। खास बात यह रही कि 8 वर्ष के बच्चों से लेकर 70 वर्ष तक के वरिष्ठ नागरिकों ने भी समान उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। इससे यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता न रहकर फिटनेस और स्वास्थ्य जागरूकता का बड़ा संदेश बन गया। स्टेडियम की आकर्षक रोशनी, संगीत और हजारों कदमों की लय ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया। प्रतिभागियों ने 1 घंटे, 2 घंटे और 3 घंटे की श्रेणियों में अपनी सहनशक्ति और फिटनेस का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। मुख्य अतिथि विश्वास सारंग ने कहा कि फिटनेस अब केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन का जरूरी हिस्सा है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
विशिष्ट अतिथि बी.एस. यादव ने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास का मजबूत माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया। रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि यह आयोजन स्वस्थ और फिट भारत की दिशा में एक सार्थक पहल है। कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, खिलाड़ी और नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने इसे एक यादगार अनुभव बताया और कहा कि रात में स्टेडियम में दौड़ना बेहद प्रेरणादायक रहा।


