रीवा, एनएसटी न्यूज। रीवा में आयोजित एमपी स्टेट एडवोकेट्स क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भोपाल येलो एडवोकेट्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्थानीय टीम रीवा सुपर किंग्स को 73 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भोपाल येलो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 224 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। भोपाल येलो की ओर से फिरदौस ने 63 रनों की उपयोगी पारी खेली, वहीं अलमास मून ने नाबाद 63 रन बनाकर टीम की पारी को मजबूती दी। इसके अलावा आशुतोष ने 28 रन, नीरज ने 19, यश नाथ ने 17 और अमेय दुबे ने 15 रनों का योगदान दिया। टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए रीवा के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। जवाबी पारी में रीवा सुपर किंग्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.5 ओवर में 151 रन पर ऑलआउट हो गई। भोपाल येलो के गेंदबाजों ने सधी हुई और प्रभावी गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। अमेय दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि आशुतोष पाठक ने 2 विकेट लिए। आजम और नीरज ने भी 2-2 विकेट हासिल किए, वहीं प्रभात दीक्षित को 1 विकेट मिला। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अमेय दुबे को मैन ऑफ द मैच के साथ-साथ बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।

