Tennis: मारिया शारापोवा टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल, ब्रायन बंधु को भी मिला स्थान

0

न्यूपोर्ट: अपने जमाने की दिग्गज टेनिस स्टार मारिया शारापोवा को आधिकारिक तौर पर इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। उनके साथ मशहूर युगल विशेषज्ञ ब्रायन बंधु – माइक और बॉब को भी यह सम्मान मिला। इस खास मौके पर 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स भी मौजूद थीं। सेरेना ने अपनी पूर्व प्रतिद्वंद्वी, प्रशंसक और करीबी दोस्त शारापोवा का परिचय कराते हुए उन्हें सम्मानित किया। गौरतलब है कि सेरेना विलियम्स 2027 में टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होने की पात्र होंगी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सेरेना विलियम्स ने इस खास मौके पर कहा कि उनके करियर में कुछ ही खिलाड़ी ऐसे रहे जिन्होंने उन्हें हर बार कोर्ट पर उतरते ही अपना सर्वश्रेष्ठ देने की चुनौती दी और मारिया शारापोवा उनमें से एक थीं। सेरेना ने बताया कि जब भी ड्रॉ में अपने नाम के साथ शारापोवा का नाम देखती थीं, तो वह और अधिक मेहनत करती थीं। वहीं, शारापोवा ने भी सेरेना के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आपके आसपास ऐसा खिलाड़ी होना किसी वरदान से कम नहीं है, जो आपको नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा दे। उन्होंने कहा कि सेरेना ने हमेशा मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और इसके लिए मैं उनकी बेहद आभारी हूं।

रूस की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा विश्व रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंचने वाली अपने देश की पहली महिला खिलाड़ी रही हैं। इसके अलावा वह करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाली दुनिया की केवल दस महिला खिलाड़ियों में से एक हैं। इन्हीं उपलब्धियों के चलते उन्हें अमेरिका के मशहूर जुड़वा भाई माइक और बॉब ब्रायन के साथ प्रतिष्ठित टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है।

इस विशेष समारोह में हॉल ऑफ फेमर्स मार्टिना नवरातिलोवा, जिम कूरियर, स्टेन स्मिथ और एंडी रॉडिक भी अपने नीले हॉल ऑफ फेम ब्लेज़र पहनकर दर्शकों में मौजूद थे। इस दौरान मारिया शारापोवा और ब्रायन बंधुओं को सम्मान स्वरूप एक कास्ट टेनिस रैकेट भेंट किया गया, जो हॉल ऑफ फेम की ओर से शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए नया और विशेष उपहार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here