- भोपाल से पहली बार किसी खिलाड़ी को मिली सीडीसी की कमान, क्रिकेट जगत में हर्ष का माहौल
भोपाल। भोपाल के क्रिकेट जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि भोपाल संभाग क्रिकेट संघ से जुड़े हर्ष कुमार पांडे को मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) की क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी (सीडीसी) का चेयरमैन एमपीसीए के अध्यक्ष श्रीमान महान आर्यमन सिंधिया द्वारा नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को भोपाल के क्रिकेट इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेष बात यह है कि भोपाल से पहली बार किसी खिलाड़ी को एमपीसीए की क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी मिली है।
एमपीसीए के नवनियुक्त अध्यक्ष महानार्यमन सिंधिया के नेतृत्व में हुए बदलावों के बीच हर्ष पांडे को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से भोपाल के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। सीडीसी की भूमिका क्रिकेट के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जाती है।
हर्ष पांडे लंबे समय से क्रिकेट से जुड़े रहे है और स्वयं एक शानदार खिलाड़ी रहे है और क्रिकेट के प्रति उनका अनुभव और समर्पण इस जिम्मेदारी के निर्वहन में उपयोगी साबित हो सकता है। उनकी नियुक्ति से भोपाल संभाग के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। विशेषकर युवा खिलाड़ियों के विकास, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और क्रिकेट की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में उनके अनुभव का लाभ मिलने की आशा व्यक्त की जा रही है।
भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं क्रिकेट प्रेमियों ने हर्ष पांडे को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे और मध्यप्रदेश में क्रिकेट के विकास में उल्लेखनीय योगदान देंगे।
भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह और सचिव शांति कुमार जैन ने एमपीसीए अध्यक्ष महानार्यमान सिंधिया एवं अन्य पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया है और हर्ष पांडे को शुभकामनाएँ दी हैं ।


