नई दिल्ली: भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के खत्म होने के बाद आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यशस्वी जायसवाल ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत एक बार फिर टॉप 5 में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, दूसरी ओर भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को रैंकिंग में गिरावट का सामना करना पड़ा है। इस बीच इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट शीर्ष स्थान पर कायम हैं और उनकी नंबर 1 की कुर्सी बरकरार है।
शानदार प्रदर्शन के दम पर जो रूट ने बनाए रखा नंबर-1 स्थान
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले के बाद आईसीसी ने ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की है। इस रैंकिंग में कई खिलाड़ियों की स्थिति में बदलाव देखने को मिला है। इसमें इंग्लैंड के जो रूट पहले नंबर की कुर्सी पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग अब बढ़कर 908 तक जा पहुंची है। भारतीय टीम के खिलाफ आखिरी टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले हैरी ब्रूक को इस बार एक स्थान का फायदा हुआ है। अब फिर तीसरे से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 868 हो गई है। इस बीच केन विलियमसन को एक स्थान का नुकसान हुआ है, वे दो से तीन नंबर पर चले गए हैं। उनकी रेटिंग 858 की हो गई है। स्टीव स्मिथ अपनी नंबर चार की कुर्सी को बरकरार रखने में कामयाब हुए हैं। उनकी रेटिंग 816 की हो गई है।
टॉप 5 बल्लेबाजों में फिर शामिल हुए जायसवाल
इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़कर अपनी क्लास साबित कर दी। इसका फायदा उन्हें इस बार की रैंकिंग में मिलता हुआ नजर आ रहा है। वे फिर से तीन स्थानों की छलांग लगाकर नंबर 5 पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग भी बढ़कर अब 792 की हो गई है। जायसवाल के आगे जाने से टेम्बा बावुमा, कामेंदु मेंडिस और ऋषभ पंत को एक एक स्थान का नुकसान हुआ है। टेम्बा 790 की रेटिंग के साथ नंबर छह, कामेंदु मेंडिस 781 की रेटिंग के साथ नंबर 7 और ऋषभ पंत 768 की रेटिंग के साथ नंबर आठ पर चले गए हैं।
डेरिल मिचेल को रैंकिंग में बड़ा फायदा
न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने एक ही बार में चार स्थान की छलांग लगाकर आईसीसी रैंकिंग में बड़ा उछाल दर्ज किया है। वे अब 748 की रेटिंग के साथ नंबर 9 पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के बेन डकेट 747 की रेटिंग के साथ नंबर दस पर बने हुए हैं। इस बीच जो बड़ा और अहम फेरबदल ये हुआ है कि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल टॉप 10 से बाहर हो गए हैं। वे इस बार चार स्थानों के नुकसान के साथ सीधे नंबर 13 पर चले गए हैं। उनकी रेटिंग इस वक्त 725 की चल रही है।

