पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और कोच बॉब सिम्पसन का 89 साल की उम्र में निधन

0

सिडनी. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के महान खिलाड़ी और कोच बॉब सिम्पसन का 89 साल की उम्र में सिडनी में निधन हो गया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनके निधन की पुष्टि की। सिम्पसन को न सिर्फ शानदार बल्लेबाज और बेहतरीन स्लिप फील्डर के रूप में याद किया जाता है, बल्कि कोच के तौर पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। बॉब सिम्पसन ने 1957 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया और 1978 तक खेले। उन्होंने कुल 62 टेस्ट मैचों में 4,869 रन बनाए और 10 शतक जड़े। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 1964 में इंग्लैंड के खिलाफ 311 रन रहा। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने लेग स्पिन से 71 विकेट भी चटकाए।

स्लिप फील्डिंग में महारत, ऑस्ट्रेलिया के पहले फुल-टाइम कोच

सिम्पसन स्लिप में बेहतरीन फील्डर थे। उन्होंने 110 कैच पकड़े, जो एक गैर-विकेटकीपर के लिए रिकॉर्ड माना जाता है। कप्तान के तौर पर उन्होंने 39 टेस्ट खेले, जिनमें 12 जीते, 12 हारे और 15 ड्रॉ रहे। 1986 में सिम्पसन ऑस्ट्रेलिया के पहले पूर्णकालिक कोच बने और 1996 तक इस पद पर रहे। उनके कार्यकाल में ऑस्ट्रेलिया ने 1987 का वर्ल्ड कप, 1989 की एशेज सीरीज और 1995 में वेस्टइंडीज पर ऐतिहासिक जीत हासिल की।

सम्मान और उपलब्धियां

1965: विजडन क्रिकेटर ऑफ द ईयर

1985: स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया हॉल ऑफ फेम

2006: ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट हॉल ऑफ फेम

2013: ICC क्रिकेट हॉल ऑफ फेम

साथ ही उन्हें ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया से भी सम्मानित किया गया।

श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बॉब सिम्पसन की सेवाएं पीढ़ियों तक याद की जाएंगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने कहा कि सिम्पसन ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की नींव मजबूत की और आने वाले खिलाड़ियों के लिए रास्ता बनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here