नई दिल्ली : ब्राजील के महान फुटबॉलर और राष्ट्रीय टीम के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी नेमार जूनियर ने रविवार (5 जुलाई) को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से विदाई लेने का ऐलान कर दिया। यह घोषणा उन्होंने फीफा विश्व कप 2026 में ब्राजील के अभियान के समाप्त होने के बाद की। राउंड ऑफ 16 में नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। 1990 के बाद यह पहली बार है, जब ब्राजील का विश्व कप सफर इतने शुरुआती नॉकआउट चरण में समाप्त हुआ है।
नेमार ने अतिरिक्त समय के 10वें मिनट में पेनल्टी से मैच का एकमात्र गोल दागा, जिससे ब्राजील के लिए 130 मैचों में उनके गोलों की संख्या 80 हो गई, साथ ही उन्होंने 59 असिस्ट भी किए। दिग्गज पेले के मुकाबले उन्होंने 3 गोल ज्यादा किए हैं। वह पेले के अलावा चार विश्व कप में गोल करने वाले दूसरे ब्राजीलियाई खिलाड़ी बने। नेमार ने ब्राजील के लिए 130 मैच खेले। कैफू ने (142) उनसे ज्यादा मैच खेले हैं।
नॉर्वे से हार के बाद नेमार हुए मायूस, मैदान पर दिखा दर्द
न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में आखिरी सीटी बजने के बाद नेमार रोते हुए जमीन पर बैठ गए। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें मनाया। मैच के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘मैंने कोशिश की। इसकी शुरुआत मेट लाइफ स्टेडियम में हुई और यहीं इसका अंत हुआ।’ नेमार ने अगस्त 2010 में मेटलाइफ स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच में ब्राजील के लिए डेब्यू किया और अपना पहला इंटरनेशनल गोल किया।


