एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल प्रीमियर लीग टी20 के चौथे मुकाबले में एमटी इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल स्ट्राइकर को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। टॉस जीतकर रॉयल स्ट्राइकर ने पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। टीम की ओर से अरमान ने 25 और सोहेल ने 20 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। एमटी इलेवन के गेंदबाज़ों ने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाज़ी करते हुए रनगति पर लगाम लगाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमटी इलेवन की टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 19 ओवर में 8 विकेट खोकर 142 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम की जीत में लल्ला की 46 रनों की बेहतरीन पारी अहम रही, जबकि रोहन ने 21 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। रॉयल स्ट्राइकर की ओर से कमरान ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके और टीम को मुकाबले में बनाए रखा। शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट लेने वाले संजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


