नई दिल्ली: बुची बाबू टूर्नामेंट के दूसरे दिन, मंगलवार (19 अगस्त) को पृथ्वी शॉ ने धमाकेदार शतक जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र की टीम से जुड़े और पहला मैच खेल रहे शॉ ने 122 गेंदों में 14 चौके और 1 छक्के की मदद से शतक पूरा किया। उनकी शानदार पारी के बावजूद महाराष्ट्र की स्थिति संकटपूर्ण रही, क्योंकि कप्तान अंकित बवाने और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे अनुभवी खिलाड़ी इस मैच में फ्लॉप साबित हुए।
महाराष्ट्र ने अच्छी शुरुआत के बाद जल्दी-जल्दी 4 विकेट खो दिए। पृथ्वी शॉ ने पहले विकेट के लिए सचिन धास के साथ 71 रन की साझेदारी की। सचिन 10 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद 15 रन के अंदर 3 विकेट और गिर गए। महाराष्ट्रा का स्कोर 71/1 से 85/4 हो गया। एक छोर से शॉ डटे रहे। उन्होंने सिद्धार्थ म्हात्रे के साथ मिलकर महाराष्ट्र के स्कोर को 150 के करीब पहुंचाया।
पृथ्वी शॉ ने सिद्धार्थ म्हात्रे के साथ बनाई 57 रन की साझेदारी
सचिन धास 10 के बाद सिद्धेश वीर 4, ऋतुराज गायकवाड़ 1 और अंकित बवाने बगैर खाता खोले आउट हुए। सिद्धार्थ म्हात्रे 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पृथ्वी के साथ 57 रन की साझेदारी। सिद्धार्थ के आउट होने तक महाराष्ट्र का स्कोर 5 विकेट पर 143 रन था। वह छत्तीसगढ़ से 109 रन पीछे है। छत्तीसगढ़ के लिए वरुण सिंह भुई ने 3 विकेट लिए। शशांक तिवारी और ऋषि शर्मा ने 1-1 विकेट लिए।
सरफराज खान ने पहले दिन ठोका शतक
सरफराज खान ने सोमवार (18 अगस्त) को टीएनसीए इलेवन के खिलाफ बुची बाबू टूर्नामेंट के पहले मैच में मुंबई के लिए शानदार शतक जड़ा। 2024 में भारत के लिए छह टेस्ट मैच खेल चुके सरफराज को हाल ही में इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम से बाहर रखा गया था।


