भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित डॉ गोविन्द नारायण सिंह “दाऊ साहेब “ अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में कैंपियन स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालभवन स्कूल को 10 विकेट से पराजित किया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेले गए मुकाबले में कैंपियन स्कूल ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया, और बाल भवन स्कूल की टीम कैम्पियन स्कूल के गेंदबाजों के सामने मात्र 18.1 ओवर में 46 /10 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।
बाल भवन स्कूल की ओर से रिशभ ने सर्वाधिक 18 रन बनाए, जबकि मनेश ने 10 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। कैम्पियन स्कूल की ओर से गेंदबाजी में अरुल वाघमारे, रिषित टी., अक्षत सिंह, अर्णव वर्मा और अन्य गेंदबाजों ने पशानदार गेंदबाजी करते हुए कैंपियन की पारी को 46 रन पर समेट दिया।
47 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कैम्पियन स्कूल की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 7.4 ओवर में 47 रन बनाकर मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम कर लिया। कैम्पियन स्कूल के अथर्व नायर ने 28 गेंदों में 11 रन, जबकि अक्षत सिंह ने 18 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। अक्षत की आक्रामक बल्लेबाजी मैच का प्रमुख आकर्षण रही।
मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए अक़ुल वाघमारे को मैन आफ़ द मैच का पुरस्कार भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के सचिव शांति कुमार जैन और क्रिकेट कोच के डी गुप्ता द्वारा प्रदान किया गया, इस अवसर पर वरिष्ठ क्रिकेटर कुमारी दिव्यांगी वर्मा, राहुल अहिरवार ,इरफान सिद्दीकी एवं पीयूष सिंह बघेल उपस्थित थे ।


