श्रीलंका ट्राई सीरीज में रोहित शर्मा होंगे कप्तान

0

मुंबई। रोहित शर्मा श्रीलंका में 6 मार्च से होने वाली त्रिकोणीय टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के कप्तान होंगे। नियमित कप्तान विराट कोहली, महेंद्रसिंह धोनी समेत कई दिग्गज खिलाड़‍ियों को सीरीज के लिए आराम दिया गया है। यह त्रिकोणीय टी20 सीरीज श्रीलंका में 6 से 18 मार्च तक खेली जाएगी और इसमें तीसरी टीम बांग्लादेश की होगी। शिखर धवन को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इस सीरीज के लिए विराट कोहली और धोनी के अलावा जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्‍या और कुलदीप यादव को आराम दिया गया है। चयन समिति प्रमुख एमएसके प्रसाद ने कहा, वर्कलोड और आगामी कार्यक्रम को देखते हुए कई खिलाड़‍ियों को आराम देने का फैसला किया गया। महेंद्रसिंह धोनी ने खुद आराम मांगा। तेज गेंदबाजों को आराम देना आवश्यक हो गया था। इस सीरीज में भारत को पहला मैच 6 मार्च को श्रीलंका से खेलना है। इसके बाद उसका मुकाबला बांग्लादेश से 8 मार्च को होगा। भारत का दूसरे चरण में श्रीलंका से मुकाबला 12 मार्च को होगा और इसके बाद बांग्लादेश से उसे 14 मार्च को भिड़ना होगा। सीरीज का फाइनल 18 मार्च को होगा। टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उपकप्तान), केएल राहुल, सुरेश रैना, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, दीपक हूडा, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, विजय शंकर, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज और रिषभ पंत।