लंदन. दुनिया के दूसरे नंबर के टेनिस खिलाड़ी Carlos Alcaraz ने कलाई की चोट के कारण अगले महीने होने वाले विंबलडन ग्रैंड स्लैम से हटने का फैसला किया है। दो बार के विंबलडन चैंपियन अल्कारेज ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। अल्कारेज को पिछले महीने बार्सिलोना ओपन के दौरान कलाई में चोट लगी थी। इसी चोट के कारण वह फ्रेंच ओपन से भी बाहर हो गए थे, जिसकी शुरुआत इस सप्ताहांत से होने जा रही है। उन्होंने बताया कि रिकवरी अच्छी चल रही है, लेकिन वह अभी घास के कोर्ट पर खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं।
स्पेनिश स्टार ने कहा कि वह क्वींस क्लब में होने वाली एचएसबीसी चैंपियनशिप में भी हिस्सा नहीं लेंगे। यह टूर्नामेंट विंबलडन की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है और अल्कारेज इसके डिफेंडिंग चैंपियन भी हैं। उन्होंने कहा कि विंबलडन और क्वींस दोनों उनके लिए बेहद खास टूर्नामेंट हैं और इन्हें मिस करना निराशाजनक है। इस साल अल्कारेज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर इतिहास रचा था। वह सबसे कम उम्र में चारों ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 2023 और 2024 में लगातार दो बार विंबलडन खिताब जीता था, जहां दोनों फाइनल में उन्होंने Novak Djokovic को हराया था। पिछले साल उन्हें फाइनल में Jannik Sinner से हार का सामना करना पड़ा था।


