नई दिल्ली: New Zealand Cricket ने 2026-27 सीजन के लिए अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है। इस बार की सूची में सबसे ज्यादा चर्चा दो खिलाड़ियों की वापसी को लेकर हो रही है। अनुभवी बल्लेबाज Devon Conway और तेज गेंदबाज Blair Tickner ने अपने दमदार प्रदर्शन के बल पर एक बार फिर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह बना ली है। दोनों खिलाड़ियों की वापसी को न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए बड़ी मजबूती माना जा रहा है, खासकर आगामी अंतरराष्ट्रीय सीजन को देखते हुए।
पिछले दो सालों से कैजुअल प्लेइंग एग्रीमेंट पर खेल रहे डेवोन कॉनवे अब फिर से फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा बन गए हैं। अगले 12 महीनों में न्यूजीलैंड को काफी टेस्ट क्रिकेट खेलना है और ऐसे में कॉनवे की वापसी टीम के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। 146 इंटरनेशनल मैच खेल चुके कॉनवे तीनों फॉर्मेट में 6000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। वहीं, तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने घरेलू क्रिकेट और इंटरनेशनल लेवल पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करके सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा। टिकनर ने न्यूजीलैंड के लिए अपनी पिछली आठ पारियों में से पांच में चार या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं। हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला 5 विकेट हॉल भी हासिल किया था।
कॉनवे और टिकनर की वापसी के साथ आदित्य अशोक और मुहम्मद अब्बास सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर हो गए हैं। वहीं, युवा खिलाड़ी जैक फॉल्क्स और मिच हे ने अपना स्थान बरकरार रखा है। दोनों को पिछले साल पहली बार यह कॉन्ट्रैक्ट मिला था और उन्होंने बीते 12 महीनों में तीनों फॉर्मेट में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया है।
जैक फॉल्क्स अब तक 36 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीत में उनकी अहम भूमिका रही थी, जहां उन्होंने सात विकेट झटके थे। दूसरी ओर विकेटकीपर बल्लेबाज मिच हे ने दिसंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था और अपनी एकमात्र पारी में 61 रन बनाने के साथ विकेट के पीछे तीन कैच भी लपके थे। इस बीच कैजुअल प्लेइंग कॉन्ट्रैक्ट को लेकर बातचीत जारी है और आने वाले हफ्तों में इसकी घोषणा की जा सकती है। वहीं हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले केन विलियमसन अब किसी भी प्रकार के अनुबंधित खिलाड़ी के रूप में इस सूची का हिस्सा नहीं होंगे।
2026-27 के लिए न्यूजीलैंड की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में शामिल खिलाड़ी: टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, विल ओ’रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।


