नई दिल्ली: फुटबॉल की दुनिया में Lionel Messi का नाम पहले ही महान खिलाड़ियों में शुमार है, लेकिन अब अर्जेंटीना के इस दिग्गज ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अल्जीरिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही मेसी ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो अब तक दुनिया का कोई भी फुटबॉलर हासिल नहीं कर सका था। इस खास मुकाबले के साथ मेसी वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा संस्करणों में खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए, जिससे उन्होंने अपने करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया। उनकी यह उपलब्धि फुटबॉल इतिहास में लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
कंसास सिटी स्टेडियम में अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में जैसे ही मेसी अर्जेंटीना की स्टार्टिंग इलेवन का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरे। इसके साथ ही वह 6 अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए। इसके साथ ही उन्होंने अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां इंटरनेशनल मैच भी खेला, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
अब तक जर्मनी के लोथार मैथाउस, मैक्सिको के राफेल मार्केज और आंद्रेस गार्डाडो, मेक्सिको के ही एंटोनियो कार्बाजाल और जर्मनी के मैनुएल नोयर जैसे दिग्गज पांच-पांच वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड साझा कर रहे थे। हालांकि, मेसी ने इन सभी को पीछे छोड़ते हुए अकेले इस ऐतिहासिक मुकाम पर कब्जा जमा लिया है। दिलचस्प बात यह है कि पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी इस वर्ल्ड कप में अपना छठा टूर्नामेंट खेलकर मेसी की बराबरी कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल यह रिकॉर्ड सिर्फ अर्जेंटीना के कप्तान के नाम दर्ज है।
Lionel Messi का फीफा वर्ल्ड कप सफर अब तक बेहद शानदार और यादगार रहा है। उन्होंने 2022 FIFA World Cup में कुल सात गोल दागे थे और फाइनल में फ्रांस के खिलाफ दो गोल कर अर्जेंटीना को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। पेनल्टी शूटआउट में भी मेसी ने अपनी टीम के लिए पहला सफल शॉट लगाया था। उसी जीत के साथ Argentina ने 1986 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की थी। इंटरनेशनल करियर की बात करें तो मेसी अब तक अर्जेंटीना के लिए 200 मुकाबलों में 118 गोल कर चुके हैं, जबकि 64 गोल में असिस्ट भी दे चुके हैं। वहीं वर्ल्ड कप इतिहास में उनका रिकॉर्ड और भी खास रहा है, जहां उन्होंने 27 मैचों में 14 गोल और 8 असिस्ट दर्ज किए हैं, जो उनकी महानता को और मजबूत बनाता है।


