एनएसटी न्यूज, भोपाल। सेंट्रल स्ट्राइकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम फेथ कप 60 प्लस मास्टर्स क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने वेस्टर्न वॉरियर्स को 16 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल स्ट्राइकर ने 40 ओवर में 211 रन बनाए। टीम की ओर से शैलेश शुक्ला ने शानदार 74 रन की पारी खेली, जबकि दिनेश निचरेले ने 26 और कुलदीप टिक्कू ने 19 रन का योगदान दिया। वेस्टर्न वॉरियर्स की ओर से यशवंत, जयेश शर्मा और रतन शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में वेस्टर्न वॉरियर्स की टीम 38.4 ओवर में 195 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जयेश शर्मा ने 64 और विद्याधर ने 38 रनों की उपयोगी पारी खेली।
गेंदबाजी में सेंट्रल स्ट्राइकर के अनूप पटवर्धन, अहमद खान और कुलदीप टिक्कू ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि शैलेश शुक्ला और किशन ओझा को एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ सेंट्रल स्ट्राइकर ने टूर्नामेंट का पहला संस्करण अपने नाम किया। वहीं तीसरे स्थान के मुकाबले में महाराष्ट्र वॉरियर्स ने कंबाइंड वॉरियर्स को 68 रनों से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र टीम के बल्लेबाजों ने मजबूत प्रदर्शन किया और गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को दबाव में रखा।
पुरस्कार वितरण समारोह में एडीजी सुशोभन बनर्जी, एसपीजी अध्यक्ष ए.एस. सिंहदेव, गोपाल अवस्थी, आशीष तनेजा और वीसीआई के प्रेसिडेंट रमनदीप सक्सेना उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शिरीज भोपे को बेस्ट बैट्समैन, अविनाश कुमार को बेस्ट बॉलर, राजेंद्र नरगिरे को बेस्ट विकेटकीपर, और सुभाष चटर्जी को बेस्ट फील्डर चुना गया। प्लेयर ऑफ द मैच देवेंद्र चौधरी रहे, जबकि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब शैलेश शुक्ला ने जीता। टूर्नामेंट में विजेता सेंट्रल स्ट्राइकर, रनरअप वेस्टर्न वॉरियर्स, तीसरा स्थान महाराष्ट्र वॉरियर्स और चौथा स्थान कंबाइंड वॉरियर्स ने हासिल किया।


