भोपाल. सेंचुरियन क्रिकेट ग्राउंड पर 18 मई से “सेंचुरियन क्रिकेट समर लीग” का आगाज होने जा रहा है। ग्रीष्मकालीन क्रिकेट सीजन में आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए दमखम दिखाते नजर आएंगे। आयोजन समिति ने टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबलों को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए टीमों को दो समूहों — पूल ‘ए’ और पूल ‘बी’ — में बांटा गया है। प्रत्येक पूल में चार-चार टीमें शामिल रहेंगी। लीग चरण में सभी टीमों को कम से कम तीन मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा।
टूर्नामेंट में शामिल टीमों और उनके कप्तानों की घोषणा भी कर दी गई है। सुपर सेंचुरियन्स की कप्तानी नवीन पाठक करेंगे, जबकि सेंचुरियन फाल्कन्स की कमान अयान खान के हाथों में रहेगी। सेंचुरियन टाइटन्स के कप्तान प्रशांत अग्रवाल और सेंचुरियन इंडियंस के कप्तान शिवांशु मिश्रा होंगे। इसी तरह सेंचुरियन क्राउन्स की कप्तानी नीलांग मिश्रा, सेंचुरियन किंग्स की अंश मालवीय, सेंचुरियन चैलेंजर्स की आर्य शर्मा और सेंचुरियन स्ट्राइकर्स की कमान अनिमेष सक्सेना संभालेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला सुपर सेंचुरियन्स और सेंचुरियन टाइटन्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।


