Chennai Grand Masters: केमर शीर्ष पर बरकरार, एरिगैसी से ड्रॉ खेलकर बनाए बढ़त

0

चेन्नई: भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने मंगलवार को चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में तालिका में शीर्ष पर चल रहे जर्मन ग्रैंडमास्टर विंसेंट केमर को बराबरी पर रोक दिया। इस ड्रॉ के बाद केमर मास्टर्स वर्ग की तालिका में एक अंक की बढ़त के साथ शीर्ष पर बरकरार हैं, जबकि एरिगैसी उनके ठीक पीछे दूसरे स्थान पर हैं ।

अमेरिका के 22 साल के ग्रैंडमास्टर अवंडर लियांग ने उभरते हुए खिलाड़ियों के मुकाबले में भारत के 18 साल के प्रणव वी को ड्रॉ पर रोक दिया। टूर्नामेंट में अब तक अजेय केमर ने एरिगैसी के खिलाफ आक्रामक शुरुआत कर दबदबा बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने शानदार रक्षण से उन्हें हावी नहीं होने दिया।

मास्टर्स वर्ग में विदित गुजराती और अनीश गिरी की बाजी ड्रॉ रही जबकि जॉर्डन वैन फोरेस्ट ने निहाल सरीन के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए शानदार जीत हासिल की। कार्तिकेयन मुरली ने भी रे रॉबसन के साथ ड्रॉ खेला। चैलेंजर्स वर्ग में एम प्रणीश तालिका में शीर्ष पर चल रहे अभिमन्यु पुराणिक के अजेय क्रम को रोकने में सफल रहे। इससे खिताब के लिए एकतरफा दिख रही दौड़ अब तीन खिलाड़ियों के रोमांचक मुकाबले में बदल गई।

इस जीत से प्रणीश, अभिमन्यु के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर आ गए हैं। आर्यन चोपड़ा पर जीत के बाद लियोन ल्यूक मेंडोंका भी इन दोनों के साथ तालिका में शीर्ष पर है। महिला ग्रैंडमास्टर के मुकाबले में जीएम हरिका द्रोणावल्ली ने हमवतन वैशाली रमेशबाबू को हराया, जबकि अधिबान भास्करन ने दीप्तायन घोष को मात देकर रैंकिंग में सुधार किया।

पीए इनियान और हर्षवर्धन जी बी के बीच का मैच ड्रॉ रहा। एक करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स का यह तीसरा सत्र है। इसमें मास्टर्स और चैलेंजर्स वर्ग में 10-10 खिलाड़ी राउंड रॉबिन प्रारूप में खेलते है। मास्टर्स वर्ग के विजेता को 25 लाख रुपये जबकि चैलेंजर्स वर्ग के विजेता को सात लाख रुपये और 2026 मास्टर्स में स्थान मिलता है। यह टूर्नामेंट फिडे (शतरंज की वैश्विक संचालक) अंक भी प्रदान करता है, जिसमें मास्टर्स चैंपियन को कैंडिडेट्स क्वालिफिकेशन (2026 के लिए 24.5 अंक मिलते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here