लखनऊ से हार के बाद मुश्किल में फंसी चेन्नई सुपर किंग्स, जानें प्लेऑफ में पहुंचने का पूरा समीकरण

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराकर बड़ा झटका दिया। इस हार के साथ सीएसके को महत्वपूर्ण 2 अंकों का नुकसान हुआ, जिससे टीम की प्लेऑफ की राह मुश्किल जरूर हो गई है। हालांकि, ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स अभी भी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है और उसके पास अंतिम-4 में पहुंचने का मौका बरकरार है। अब सीएसके को अपने बाकी मुकाबलों में जीत दर्ज करने के साथ-साथ अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा।

सीएसके के प्लेऑफ में पहुंचने का समीकरण, अब हर मैच बना करो या मरो

सीएसके को लखनऊ से हार मिली और अब इस टीम के 12 अंक हैं। सीएसके का ये 12वां लीग मैच था जिसमें उसे 6 में जीत मिली है और 6 मैचों में हार मिली है। सीएसके अब 12 अंक के साथ छठे स्थान पर आ गया और इस मैच में हार के बाद उसका नेट रन रेट भी गिर गया और राजस्थान को फायदा हुआ जो छठे स्थान से 5वें स्थान पर आ गया। चेन्नई सुपर किंग्स को अभी भी 2 मैच खेलने हैं और उसे अब हर हाल में ये दोनों मैच जीतने होंगे।

सीएसके के अभी 12 अंक हैं और अगर वो अपने अगले दोनों मैच जीत जाती है तो उसके कुल 16 अंक हो जाएंगे और उसके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद रहेगी, लेकिन अगर वो इन दोनों में से एक भी मैच हार जाती है तो उसका प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। ऋतुराज की टीम को अब हार हाल में अपने अगले दोनों मैच जीतने होंगे और उसे कोशिश करनी होगी कि उनका रन रेट अन्य टीमों के मुकाबले और बेहतर हो जाए। अगर किसी अन्य टीम के 16 अंक होते हैं तो फिर मामला रन रेट पर ही फंसेगा।

सीएसके का अगला मुकाबला हैदराबाद और गुजरात से, प्लेऑफ की उम्मीदें दांव पर

चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी इस समय उसकी गेंदबाजी बनकर सामने आई है, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में साफ दिखाई दी। अब सीएसके को 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और 21 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबला खेलना है। ये दोनों टीमें फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं, जिससे चेन्नई की चुनौती और कठिन हो गई है। हैदराबाद की बल्लेबाजी बेहद विस्फोटक नजर आ रही है, जबकि गुजरात की गेंदबाजी लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए सीएसके को दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here