प्लेऑफ में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीमों में चेन्नई शीर्ष पर, मुंबई दूसरे नंबर पर

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में पांच-पांच बार खिताब जीत चुकी चेन्नई और मुंबई की टीमें सबसे ज्यादा प्लेऑफ मुकाबले खेलने वाली टीमों में शामिल हैं। प्लेऑफ में सबसे अधिक जीत दर्ज करने के मामले में भी यही दोनों टीमें शीर्ष-2 पर काबिज हैं। हालांकि, मौजूदा आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंची बेंगलुरु और हैदराबाद की टीमों ने भी इस सूची में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है और दोनों शीर्ष-5 में शामिल हैं। वहीं, राजस्थान की टीम छठे स्थान पर है, जबकि सिर्फ पांचवां सत्र खेल रही गुजरात टीम सातवें स्थान पर पहुंच चुकी है।

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ का आगाज मंगलवार 26 मई से होने जा रहा है। इससे पहले लीग के प्लेऑफ इतिहास से जुड़े कई दिलचस्प आंकड़े और रिकॉर्ड चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्लेऑफ में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं। वहीं, टीमों के जीत प्रतिशत की बात करें तो चेन्नई और मुंबई का दबदबा साफ नजर आता है। तीन बार की चैंपियन कोलकाता भी इस सूची के शीर्ष-5 में अपनी जगह बनाए हुए है, जिसने बड़े मुकाबलों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।

IPL प्लेऑफ में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमों की लिस्ट
टीम कुल मैच जीत हार
चेन्नई सुपर किंग्स 26 17 9
मुंबई इंडियंस 22 14 8
कोलकाता नाइट राइडर्स 15 10 5
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 17 7 10
सनराइजर्स हैदराबाद 14 6 8
राजस्थान रॉयल्स 11 5 6
गुजरात टाइटंस 6 3 3
पंजाब किंग्स 7 2 5
दिल्ली कैपिटल्स 11 2 9
डेक्कन चार्जर्स 3 2 1
राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स 2 1 1
प्लेऑफ रिकॉर्ड में बेंगलुरु, हैदराबाद और राजस्थान के बीच कड़ी टक्कर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान, हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच इस सत्र के प्लेऑफ में जीत के साथ एक-दूसरे को ओवरऑल रिकॉर्ड में पीछे छोड़ने की दिलचस्प जंग देखने को मिलेगी। मौजूदा सत्र में बेंगलुरु की टीम क्वालिफायर-1 में गुजरात का सामना करेगी, जबकि एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद और राजस्थान आमने-सामने होंगे। आईपीएल के 19 सत्रों के इतिहास में 12 बार क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम ने ही खिताब अपने नाम किया है। खास बात यह है कि पिछले लगातार आठ सत्रों में भी यही ट्रेंड देखने को मिला, जिससे क्वालिफायर-1 का महत्व और बढ़ जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here