वैभव सूर्यवंशी और उर्विल पटेल ने मचाया तहलका, आईपीएल 2026 में बने बड़े रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 70 लीग चरण मुकाबलों के बाद कई शानदार और ऐतिहासिक रिकॉर्ड देखने को मिले। इस सत्र में लीग चरण के दौरान ही सबसे ज्यादा 200 से अधिक स्कोर बनने का रिकॉर्ड टूट गया। वहीं, तीन साल बाद सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी भी देखने को मिली, जिसमें उर्विल पटेल ने अपने विस्फोटक बल्लेबाजी अंदाज से सभी का ध्यान खींचा। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी पूरे सत्र में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है और प्लेऑफ में उनकी नजर कई बड़े कीर्तिमानों पर रहेगी। आइए जानते हैं ऐसे ही पांच बड़े रिकॉर्ड, जो आईपीएल 2026 के प्लेऑफ शुरू होने से पहले ही बन चुके हैं।

आईपीएल 2026 के लीग चरण में बने 5 सबसे बड़े रिकॉर्ड

1) आईपीएल 2026 बना सबसे ज्यादा 200+ स्कोर वाला सीजन
आईपीएल 2025 में टीमों ने कुल 52 बार 200 से अधिक रनों का आंकड़ा पार किया था, लेकिन आईपीएल 2026 में लीग चरण के दौरान ही यह रिकॉर्ड टूट गया। इस सत्र में 61 बार टीमों ने 200 प्लस स्कोर बनाया, जो आईपीएल इतिहास में किसी एक सीजन का सबसे बड़ा आंकड़ा बन गया है। पहली बार ऐसा देखने को मिला है जब लीग चरण खत्म होने से पहले ही 200 से अधिक स्कोर का रिकॉर्ड इतने बड़े स्तर पर पहुंच गया।

2) उर्विल पटेल ने रचा इतिहास, सबसे तेज अर्धशतक की कर ली बराबरी
यशस्वी जायसवाल ने 2023 में राजस्थान की तरफ से केकेआर के खिलाफ 13 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। तीन साल बाद कोई बल्लेबाज उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर पाया। सीएसके के उर्विल पटेल ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 13 गेंद पर पचासा ठोका और इस रिकॉर्ड की बराबरी की।

3) बल्लेबाजों के तूफान में टूटा सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड
आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी आईपीएल 2026 में देखने को मिला। इस सीजन के लीग स्टेज में एक मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने 264 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। पंजाब किंग्स ने 265 रन बनाकर मैच जीता और आईपीएल में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी बनाया।

4) आईपीएल 2026 में शतकों की बरसात, बना नया रिकॉर्ड
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा 14 शतकों का रिकॉर्ड 2024 में बना था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल 2026 के लीग स्टेज के दौरान ही यह रिकॉर्ड बराबर हो चुका है। प्लेऑफ के चार मैच बाकी हैं, यानी पूरी संभावना है कि यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है और 2026 एक और मायने में ऐतिहासिक सीजन बन जाएगा।

5) वैभव सूर्यवंशी के तूफान के आगे फीके पड़े पुराने रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के लीग चरण के 14 मुकाबलों में 583 रन बनाकर शानदार छाप छोड़ी है। वह एक सत्र में 500 से अधिक रन बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा उन्होंने लीग चरण में 53 छक्के लगाए, जो आईपीएल इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। वैभव एक सत्र में 50 छक्कों का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय और सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए हैं। अब उनकी नजर एक सत्र में सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड पर है। वह क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 7 छक्के दूर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here