रायपुर। बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी 2026-27 में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आंध्र प्रदेश को 5 विकेट से पराजित किया। 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक आंध्र प्रदेश के मुलापाडु स्थित डीवीआर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने 179 रनों के लक्ष्य को हासिल कर जीत दर्ज की।
पहली पारी में छत्तीसगढ़ को मिली बढ़त
मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने पहली पारी में 73.2 ओवरों में सभी विकेट खोकर 231 रन बनाए। आंध्र प्रदेश की ओर से एस.वी. राहुल ने सर्वाधिक 89 रन बनाए। वहीं, शशिकांत ने 31 और शेख राशिद ने 24 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी करते हुए जयंत यादव ने 4 विकेट, अजय मंडल ने 3 विकेट और धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने 2 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में छत्तीसगढ़ ने अपनी पहली पारी में 107.3 ओवरों में सभी विकेट खोकर 237 रन बनाए और पहली पारी में 6 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। छत्तीसगढ़ की ओर से अमनदीप खरे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 89 रन बनाए। वहीं, अनुज तिवारी ने 34 और अजय मंडल ने 29 रनों का योगदान दिया। आंध्र प्रदेश की ओर से टी. विजय ने 4 विकेट और सौरभ कुमार ने 3 विकेट हासिल किए।
दूसरी पारी में आंध्र प्रदेश ने बनाए 184 रन
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी आंध्र प्रदेश की टीम ने 32 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। आंध्र प्रदेश की ओर से रिकी भुई ने नाबाद 72 रन और करण शिंदे ने नाबाद 53 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने 2 विकेट और जयंत यादव ने 1 विकेट हासिल किया।
अनुज तिवारी की शानदार पारी से छत्तीसगढ़ को मिली जीत
आंध्र प्रदेश से मिले 179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 35.1 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
छत्तीसगढ़ की ओर से अनुज तिवारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए। देव आदित्य सिंह ने नाबाद 34 रन और अमनदीप खरे ने 30 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आंध्र प्रदेश की ओर से सौरभ कुमार ने 3 विकेट हासिल किए।
इस तरह छत्तीसगढ़ ने आंध्र प्रदेश को 5 विकेट से हराकर रणजी ट्रॉफी 2026-27 में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। पहली पारी में बढ़त हासिल करने के बाद दूसरी पारी में मिले लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करना छत्तीसगढ़ की टीम के लिए निर्णायक साबित हुआ।


