छत्तीसगढ़ की पलक सिंह और महक नरवसे का बीसीसीआई महिला अंडर-19 टी-20 चैलेंजर्स ट्रॉफी के लिए चयन

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की दो प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट खिलाड़ियों पलक सिंह और महक नरवसे का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित महिला अंडर-19 टी-20 चैलेंजर्स ट्रॉफी 2026 के लिए चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 30 अक्टूबर 2026 से हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित लुहणू क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। इस टूर्नामेंट में देश की उभरती हुई युवा महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

पलक सिंह : मध्यम तेज गेंदबाज

पलक सिंह छत्तीसगढ़ की उभरती हुई मध्यम तेज गेंदबाज हैं। अपनी गेंदबाजी कौशल, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। पिछले वर्ष आयोजित वुमेंस प्रीमियर लीग की स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में उन्होंने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर स्वर्ण पदक हासिल किया था।

पिछले वर्ष आठ मैचों में पांच विकेट हासिल करने वाली पलक ने अपनी तेज गेंदबाजी और निरंतर बेहतर प्रदर्शन से युवा क्रिकेट में पहचान बनाई है।

महक नरवसे : गेंदबाजी ऑलराउंडर

महक नरवसे छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। वह घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों क्षमताओं के लिए पहचानी जाने वाली महक भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान भी रह चुकी हैं।

पिछले घरेलू सत्र में महक ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से खास पहचान बनाई। सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 212 रन बनाने के साथ 20 विकेट हासिल किए। महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में चार मैचों में 67 रन बनाने के साथ आठ विकेट लिए। वहीं, महिला अंडर-23 टी-20 ट्रॉफी में उन्होंने 53 रन बनाए और सात विकेट हासिल किए। महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी में भी महक ने चार मैचों में पांच विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी क्षमता का परिचय दिया।

छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट के लिए गौरव का अवसर

पलक सिंह और महक नरवसे का बीसीसीआई की प्रतिष्ठित महिला अंडर-19 टी-20 चैलेंजर्स ट्रॉफी के लिए चयन छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन और अनुभव से प्रदेश की युवा महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इस चयन से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने की संभावनाओं को भी बल मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here