छत्तीसगढ़: इंदौर में बीसीसीआई द्वारा आयोजित सेंट्रल ज़ोन वीडियो एनालिसिस (VA) सेमिनार में छत्तीसगढ़ की ओर से तीन विशेषज्ञों ने सहभागिता की। यह कार्यशाला 16 एवं 17 सितंबर 2026 को होलकर स्टेडियम स्थित एम.के. भार्गव हॉल में आयोजित की गई।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व दिलीप सिंह, संजीव श्रीवास्तव एवं चंद्रशेखर राव ने किया।
दिलीप सिंह छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ क्रिकेट परफॉर्मेंस एनालिस्ट हैं। उन्होंने 200 से अधिक क्रिकेट मैचों में परफॉर्मेंस एनालिस्ट के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) एवं ज़ोनल क्रिकेट अकादमी (ZCA) में भी कार्य किया है।
संजीव श्रीवास्तव नेटवर्किंग एवं तकनीकी समन्वय के विशेषज्ञ हैं, जबकि चंद्रशेखर राव छत्तीसगढ़ रणजी ट्रॉफी टीम के साथ कार्य कर चुके हैं औरवे दलीप ट्रॉफी में सेंट्रल ज़ोन टीम के एनालिस्ट के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में अंडर-23 टीम के परफॉर्मेंस एनालिस्ट के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
बीसीसीआई द्वारा अपने वीडियो एनालिसिस सॉफ्टवेयर को तकनीकी रूप से अपग्रेड किया जा रहा है। इसी क्रम में नए एवं उन्नत सॉफ्टवेयर की तकनीकी कार्यप्रणाली, सुविधाओं और उपयोग को समझाने तथा परफॉर्मेंस एनालिस्टों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से इस सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वीडियो एनालिसिस की आधुनिक तकनीकों और सॉफ्टवेयर के प्रभावी उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर दिलीप सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने हमेशा खिलाड़ियों एवं क्रिकेट विशेषज्ञों को आगे बढ़ने में सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया है। उन्होंने संघ के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी कहा कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ क्रिकेट कोच के रूप में कार्य करते हुए विभाग ने उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने, नई तकनीकों को सीखने तथा अपने अनुभव को आगे बढ़ाने के अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रति सदैव आभार व्यक्त किया।
यह सेमिनार छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के क्षेत्र में आधुनिक वीडियो एनालिसिस एवं खेल तकनीक को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


