नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत गुरुवार 17 सितंबर से हो चुकी है। पहला मुकाबला बांग्लादेश और चीन के बीच बारिश के कारण नहीं खेला जा सका, जिसके बाद रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश को सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। इसके बाद पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच दूसरा मुकाबला खेला गया, जिसे बारिश के कारण 11-11 ओवर का कर दिया गया। इस छोटे प्रारूप के मुकाबले में भी पाकिस्तानी महिला टीम को जीत हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
थाइलैंड ने 11-11 ओवर के इस मैच में पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 91 रन बनाए थे। पाकिस्तान को जीत के लिए 92 रन का लक्ष्य मिला था।पाकिस्तान ने इस लक्ष्य को 10.4 ओवर में हासिल तो किया लेकिन यहां तक पहुंचने में टीम के पसीने छूट गए और 7 विकेट उसने गंवा दिए। फातिमा सना की कप्तानी वाली इस टीम को जैसे-तैसे जीत मिली और टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में भी पहुंच गए।
मैच में क्या-क्या हुआ, जानें पूरा हाल
अगर इस मैच की बात करें तो बारिश के कारण मुकाबला 11-11 ओवर का ही हुआ। पहले खेलते हुए थाइलैंड ने 4 विकेट पर 91 रन बनाए। विकेटकीपर बैटर नन्नापट कोंचारोएंकाई ने 49 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए दो विकेट कप्तान फातिमा सना ने लिए। जवाब में 92 रन का लक्ष्य चेज करने उतरी पाकिस्तान की हालत खराब नजर आई।
ओपनर्स गुल फिरोजा और शवाल जुल्फिकार की 36 रन की शुरुआत के बाद 11 रन में पाकिस्तान के 4 विकेट गिर गए। फिर फातिमा सना संकटमोचक बनीं और 21 रन की पारी उन्होंने खेली। 77 रन पर 6 और 88 रन पर पाकिस्तानी टीम के 7 विकेट गिर गए थे। जैसे-तैसे तुबा हसन के 13 रन की बदौलत अंत में टीम 3 विकेट से मैच जीत गई।
18 सितंबर को श्रीलंका से भिड़ेगी भारतीय महिला टीम
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के बाकी 2 क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुक्रवार, 18 सितंबर को खेले जाएंगे। तीसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका का सामना मलेशिया से होगा, जबकि चौथे क्वार्टर फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम जापान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। भारत की टीम अगर जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचती है तो उसका सामना बांग्लादेश से होगा। वहीं, श्रीलंका की टीम जीत दर्ज करती है तो सेमीफाइनल में उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा।


