भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में क्रिकेटर और केरल के कोच अमय खुरासिया द्वारा लिखित हिन्दी पुस्तक “74 वर्ष बाद” का विमोचन किया। इस अवसर पर उनकी बेटी और पुस्तक की सह-लेखिका अमयसी कीर्ति खुरासिया भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने अमय खुरासिया और सह-लेखिका अमयसी कीर्ति को इस उपलब्धि पर बधाई दी। खास बात यह है कि यह पुस्तक अंग्रेजी भाषा में भी उपलब्ध है, जिससे यह और व्यापक पाठकों तक पहुंच सकेगी।
यह पुस्तक भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता में दिए गए उपदेशों और युद्ध नीतियों की वर्तमान दौर में उपयोगिता पर आधारित है। अमय खुरासिया ने कोच के रूप में इन सिद्धांतों को अपनाते हुए क्रिकेट टीम की रणनीति तैयार की, जिसका सकारात्मक असर भी देखने को मिला। उनके मार्गदर्शन में केरल टीम ने रणजी ट्रॉफी के 74 साल के इतिहास में पहली बार फाइनल तक का सफर तय किया। इसके अलावा दिलीप ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार केरल के छह खिलाड़ियों का एक साथ चयन हुआ। इस पुस्तक को लेकर भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, संजय बांगर, श्रीलंका के पूर्व कप्तान दिलीप मेंडिस, बीसीसीआई के पूर्व सचिव संजय जगदाले और प्रसिद्ध अभिनेता मोहनलाल जैसे दिग्गजों ने भी अपने विचार साझा किए हैं।


