गाउट गाउट ने रफ्तार से रचा इतिहास, 18 की उम्र में 200 मीटर में अंडर-20 वर्ल्ड रिकॉर्ड

0

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के 18 वर्षीय एथलीट गाउट गाउट ने 200 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया अंडर-20 वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने यह दूरी महज 19.67 सेकंड में पूरी की, जो एक नया कीर्तिमान है। इस उपलब्धि को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि इसी उम्र में उसैन बोल्ट ने 2004 ओलंपिक में 200 मीटर की रेस 19.93 सेकंड में पूरी की थी। इससे पहले अंडर-20 वर्ग में 200 मीटर का विश्व रिकॉर्ड अमेरिका के एरियन नाइटन के नाम था, जिन्होंने 2022 में 19.69 सेकंड का समय दर्ज किया था, जिसे अब गाउट ने पीछे छोड़ दिया है।

इस सीजन रफ्तार में सबसे आगे गाउट गाउट

गाउट गाउट इस सीजन 200 मीटर में दुनिया के सबसे तेज धावक भी बन गए हैं। इससे पहले गाउस का पर्सनल बेस्ट 20.02 सेकंड था। उन्होंने पिछले साल यह रेस दौड़ी थी। एक साल में ही उन्होंने अपने पर्सनल बेस्ट को 0.35 सेकंड पीछे छोड़ दिया है। हालांकि वह 19.84 सेकंड में भी 200 मीटर की रेस पूरी कर चुके हैं लेकिन विंड असिस्ट की वजह से वह रिकॉर्ड में गिनती नहीं होता है।

साउथ सूडान से ऑस्ट्रेलिया पहुंचे गाउट

29 दिसंबर 2007 को गाउट गाउट का जन्म ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड में हुआ था, जबकि उनका परिवार 2005 में साउथ सूडान से ऑस्ट्रेलिया आकर बस गया था। उन्होंने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाना शुरू कर दिया था और 2024 की वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप में महज 16 साल की उम्र में 200 मीटर में सिल्वर मेडल जीता था। गाउट ने यह भी संकेत दिया है कि वह 23 जुलाई से ग्लासगो में शुरू होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं लेंगे, ताकि अगस्त की शुरुआत में ओरेगन में होने वाली वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप पर पूरा फोकस कर सकें।

12 साल की उम्र तक फुटबॉल खेलते थे गाउट

गाउट गाउट इप्सविच ग्रामर स्कूल में पढ़ते थे और स्कूल की फुटबॉल टीम का हिस्सा थे। 12 साल की उम्र तक उन्होंने स्प्रिंटिंग की कोई औपचारिक ट्रेनिंग भी नहीं ली थी। एक दिन किसी ने उन्हें स्कूल कार्निवल में होने वाली दौड़ के लिए लाइन में खड़ा होने को कहा। वह सामान्य जूतों में थे, जबकि उनके बगल में खड़ा धावक स्पाइक्स पहनकर आया था और राष्ट्रीय स्तर पर जीत चुका था। इसके बावजूद गाउट ने उस रेस में जीत हासिल कर सबको चौंका दिया और यहीं से उनके एथलेटिक्स करियर की शुरुआत हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here