एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2025 का आगाज 24 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होगा। यह आयोजन राजधानी के शिवाजी नगर स्थित सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सुबह 10 बजे राष्ट्रगान और एनसीसी बैंड के साथ शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर देशभर में इस तरह के खेल महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं ताकि युवा मोबाइल की दुनिया से निकलकर खेल मैदान से जुड़ सकें। भोपाल, बैरसिया और सीहोर के खिलाड़ियों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।
70 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं से अब तक 70 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। इनमें सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन भोपाल मध्य विधानसभा से हुए हैं। महोत्सव में युवाओं के साथ ही बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राएं भी शामिल हो रहे हैं। आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
तीन स्तर पर होंगी प्रतियोगिताएं
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की गाइडलाइन के अनुसार महोत्सव 21 सितंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक चलेगा। प्रतियोगिताएं ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर होंगी। कुल 24 खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, दौड़, एथलेटिक्स, कैरम और नींबू-चम्मच दौड़ जैसे खेल होंगे। इनमें 16 पारंपरिक और 8 आधुनिक खेल शामिल हैं। ग्राम स्तर की प्रतियोगिताएं 6 से 31 अक्टूबर, ब्लॉक स्तर की 1 से 30 नवंबर और जिला स्तर की 1 से 25 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। पूरी जानकारी महोत्सव के पोर्टल पर उपलब्ध है।

