क्रांति गौड़ ने बढ़ाया भारत का मान, मुख्यमंत्री ने किया 5 लाख रुपये से सम्मानित

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ का  मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में भव्य सम्मान किया गया। इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान के टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली देश की पहली महिला क्रिकेटर बनने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे देश और मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रांति गौड़ ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश में नई खेल क्रांति की शुरुआत की है। उन्होंने प्रदेश में खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। क्रांति गौड़ ने समारोह में अपने संघर्षों को साझा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। लॉर्ड्स में सात विकेट लेकर इतिहास रचने वाली क्रांति गौड़ को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 3 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री की ओर से 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर उनके पिता नरसिंह गौड़ और भाई महेन्द्र सिंह का भी सम्मान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here