कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: नीरज चोपड़ा का दमदार थ्रो, अरशद नदीम को पीछे छोड़ फाइनल में एंट्री

0

नई दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए जैवलिन थ्रो से शानदार खबर आई है। लंबे समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में वापसी कर रहे स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने मेन्स जैवलिन थ्रो के फाइनल में जगह बना ली है। खास बात यह रही कि नीरज अकेले नहीं, बल्कि भारत के तीनों जैवलिन थ्रोअर क्वालिफिकेशन की चुनौती पार करने में सफल रहे। रोहित यादव और यश वीर सिंह ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम भी अगले दौर में पहुंच गए हैं। खास बात ये रही कि नीरज क्वालिफिकेशन राउंड में अरशद नदीम से ज्यादा दूर भाला फेंकने में सफल रहे।

ग्लासगो में खेले गए क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 79.61 मीटर दूर भाला फेंका। वह 84.00 मीटर के ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क तक तो नहीं पहुंच सके, लेकिन दोनों क्वालिफिकेशन ग्रुप के कुल प्रदर्शन के आधार पर वह पांचवें स्थान पर रहते हुए 12 खिलाड़ियों के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। इस मुकाबले में मौसम खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती बना। ग्लासगो की ठंडी और बादलों से घिरी परिस्थितियों के कारण कोई भी एथलीट 84 मीटर के ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क को नहीं छू सका। ऐसे में फाइनलिस्ट का फैसला दोनों ग्रुप के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर किया गया।

भारत के लिए सबसे बड़ी खुशी यह रही कि उसके तीनों खिलाड़ी फाइनल में पहुंच गए। रोहित यादव ने 78.37 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर नौवें स्थान पर रहते हुए क्वालिफाई किया, जबकि यश वीर सिंह ने 78.36 मीटर के प्रयास के साथ 10वां स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। इससे अब भारत के पास पदक जीतने के तीन मजबूत दावेदार होंगे।

क्वालिफिकेशन राउंड में श्रीलंका के रुमेश थरंगा पाथिराजे सबसे आगे रहे। उन्होंने 82.84 मीट का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, पाकिस्तान के अरशद नदीम ने शुरुआती प्रयास के बाद दूरी में सुधार नहीं किया, लेकिन 78.63 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले पर होंगी, जहां नीरज चोपड़ा एक बार फिर बड़े मंच पर गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से उतरेंगे। भारत के तीन खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंचने से देश की पदक उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं।

मेन्स जैवलिन थ्रो के क्वालिफिकेशन राउंड का नतीजा कुछ इस तरह रहा, जिसमें टॉप 12 खिलाड़ी फाइनल में पहुंचे हैं:-
  • रुमेश पथिरागे (SRI) – 82.84m
  • एंडरसन पीटर्स (GRE) – 81.29m
  • डाउ स्मिथ (RSA) – 80.64m
  • बेन ईस्ट (ENG) – 80.38m
  • नीरज चोपड़ा (IND) – 79.61m
  • कैमरन मैकिन्टायर (AUS) – 78.91m
  • अरशद नदीम (PAK) – 78.63m
  • कीशॉन स्ट्रैचन (BAH) – 78.60m
  • रोहित यादव (IND) – 78.37m
  • यश वीर सिंह (IND) – 78.36m
  • केशॉर्न वॉलकॉट (TTO) – 78.26m
  • चिनेचेरेम न्नामदी (NIG) – 75.27m

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here